अमेरिका ने जारी की चीन के गुप्त रियूजेबल अंतरिक्ष यान की तस्वीर
अमेरिका ने चीन के गुप्त फिर से उपयोग होने वाले अंतरिक्ष यान (रियूजेबल स्पेसप्लेन) की एक नई सैटेलाइट तस्वीर जारी की है। इससे अंतरिक्ष की बढ़ती होड़ में बीजिंग के ताजा कदम की एक झलक मिली है।
मैक्सार ने 2024 में यह तस्वीर खींची थी, जिसकी जांच अमेरिकी रक्षा खुफिया एजेंसी (DIA) ने की है। इस फोटो में एक छोटा स्पेस शटल जैसा दिखने वाला अंतरिक्ष यान दिख रहा है।
इसकी आगे की नोक गोल है, पंख पीछे की ओर मुड़े हुए हैं और इसकी बॉडी गहरे रंग की थर्मल-प्रोटेक्शन टाइल्स से ढकी है। यह देखकर लगता है कि जब यह तस्वीर ली गई थी, तब यह यान कक्षा में काम कर रहा था।
दोहरे मकसद वाला हो सकता है यान
चीन ने अपने अंतरिक्ष यान की क्षमताओं के बारे में अभी तक ज्यादा जानकारी नहीं दी है। हालांकि, इसका इस्तेमाल वैज्ञानिक और सैन्य दोनों तरह के मिशनों के लिए हो सकता है, ठीक वैसे ही जैसे अमेरिका का X-37B है।
DIA ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि चीन का लगातार फैलता सैटेलाइट नेटवर्क और काउंटरस्पेस तकनीक अमेरिकी सेना के अभियानों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रही हैं। कुल मिलाकर कहें तो वैश्विक शक्ति संतुलन में अंतरिक्ष का महत्व लगातार बढ़ता जा रहा है।