UKSA अंतरिक्ष में कचरा साफ करने के लिए लॉन्च करेगी रोबोटिक पंजे लगा यान
यूनाइटेड किंगडम स्पेस एजेंसी (UKSA) और क्लियरस्पेस मिलकर एक ऐसे अंतरिक्ष यान को लॉन्च करने की तैयारी में हैं, जिसमें रोबोटिक पंजे लगे होंगे।
इसे 2029 में लॉन्च करने की अस्थायी योजना है। इसका मुख्य काम पृथ्वी की कक्षा में घूम रहे खराब सैटेलाइट्स और अंतरिक्ष के कचरे को इकट्ठा करना है।
इस मिशन का लक्ष्य है कि 2032 तक इन बेकार सैटेलाइट्स को खींचकर वायुमंडल में वापस लाया जाए, ताकि वे जलकर नष्ट हो सकें।
यह कदम हमारे लिए महत्वपूर्ण चीजों, जैसे GPS और संचार नेटवर्क को तेज गति से उड़ रहे अंतरिक्ष के मलबे से सुरक्षित रखने में मदद करेगा।
मिशन से बढ़ेंगी ऑर्बिटल स्किल्स
ब्रिटेन के अधिकारियों का कहना है कि यह मिशन केवल अंतरिक्ष की सफाई तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसका मकसद हमारी टेक्नोलॉजी को सुरक्षित रखना और भविष्य के अंतरिक्ष प्रोजेक्ट्स के लिए जरूरी कौशल विकसित करना भी है।
UKSA की सह निदेशक डॉ एलिस बन के मुताबिक, यह मिशन ऑर्बिट में चीजों को ठीक करने और नई संरचनाएं बनाने के नए तरीके खोजने में योगदान देगा। इससे अंतरिक्ष सभी के लिए सुरक्षित बना रहेगा।