एमआधार ऐप हुआ बंद, UIDAI ने दी नई पर शिफ्ट होने की सलाह
एमआधार ऐप को अब आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया गया है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने घोषणा की है कि 30 जून से इस ऐप को बंद कर दिया गया है।
प्राधिकरण चाहता है कि सभी लोग अब नए आधार ऐप पर आ जाएं। इस नए ऐप में आपकी प्राइवेसी ज्यादा सुरक्षित होगी और आधार से जुड़े काम निपटाना भी काफी आसान हो जाएगा।
नया आधार ऐप कैसे करें इस्तेमाल?
इस नए ऐप में आप अपने मोबाइल नंबर या पते को अपडेट कर सकते हैं, ई-आधार डाउनलोड कर सकते हैं, अपना अनुरोध ट्रैक कर सकते हैं, QR कोड सुरक्षित तरीके से शेयर कर सकते हैं और आधार सेंटर में अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकते हैं।
ये सारे काम आप अपने फोन से ही कर सकते हैं। यह ऐप एंड्रॉयड और iOS दोनों ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करती है। इसे इस्तेमाल करना बहुत आसान है।
इसके लिए आपको अपना आधार नंबर डालकर मोबाइल सिम से वेरिफाई करने के बाद फेस ऑथेंटिकेशन करने के साथ सुरक्षा के लिए एक पिन सेट करना होगा।
केवल 5 महीने में ही इस ऐप को 3 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है।