वैज्ञानिकों ने बनाई पसीने से बायोकेमिकल की जानकारी देने वाली स्मार्ट रिंग
यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया सैन डिएगो के इंजीनियर्स ने एक ऐसी स्मार्ट रिंग बनाई है, जो आपके स्वास्थ्य से जुड़ी ऐसी जानकारी दे सकती है, जो आजकल की आम स्मार्ट रिंग नहीं दे पातीं।
यह रिंग ग्लूकोज, अल्कोहल, कीटोन, विटामिन-C जैसे कई तत्वों पर रियल टाइम में नजर रखती है। इस रिंग में एक खास हाइड्रोजेल लगा है, जो पसीना इकट्ठा करता है। इसके लिए आपको कोई कसरत करने की भी जरूरत नहीं पड़ती। यह सारा डाटा सीधे आपके फोन पर भेज देती है।
रिंग देती है ग्लूकोज की सटीक जानकारी
आम स्मार्ट रिंग केवल शारीरिक जानकारी देती हैं, लेकिन यह रिंग आपको असली बायोकेमिकल जानकारी देती है। प्रोफेसर जोसेफ वांग की लैब में इसे उनके सह-प्रमुख लेखकों ने बनाया है।
इसकी जांच की गई है और यह ग्लूकोज के लिए कंटीन्यूअस ग्लूकोज मॉनिटर (CGMs) और कीटोन के लिए कमर्शियल ब्लड मीटर जितना ही सटीक पाई गई है।
यह रिंग एक बार में 12 घंटे तक काम कर सकती है और हर व्यक्ति के खास शारीरिक कारकों के हिसाब से खुद को एडजस्ट कर लेती है।
डायबिटीज के मरीजों के लिए या उन लोगों के लिए जो चलते-फिरते तुरंत अपनी सेहत की जानकारी चाहते हैं, यह रिंग एक बड़ा बदलाव ला सकती है।