Loading...
वनडे विश्व कप के लिए तिलक वर्मा बन सकते हैं श्रेयस अय्यर का बैकअप- रिपोर्ट
तिलक वर्मा को वनडे टीम में मिल सकता है मौका (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

वनडे विश्व कप के लिए तिलक वर्मा बन सकते हैं श्रेयस अय्यर का बैकअप- रिपोर्ट

Aug 30, 2026
10:46 am

क्या है खबर?

शीर्षक्रम के बल्लेबाज तिलक वर्मा भारत की टी-20 टीम का प्रमुख हिस्सा हैं। हालांकि, वह अब तक वनडे टीम में नियमित सदस्य नहीं बन पाए हैं। इस बीच खबर है कि टीम प्रबंधन और चयनकर्ता वनडे टीम में तिलक को जगह देना चाहते हैं। यह कदम अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से होने वाला है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट 

श्रेयस अय्यर के बैकअप के रूप में तिलक को मिल सकता है मौका

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, तिलक को श्रेयस अय्यर के बैकअप के तौर पर वनडे टीम में शामिल किया जा सकता है।

भारत की वनडे टीम में ज्यादातर दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और ऐसे में बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक को शामिल करके टीम प्रबंधन बल्लेबाजी में विविधता चाहती है।

इसके साथ खबर है कि उन्हें अपनी स्पिन गेंदबाजी के ऊपर काम करने के लिए कहा गया है।

रिपोर्ट 

चोटिल खिलाड़ियों की संभावना को देखते हुए तिलक को मिल सकता है मौका

टीम से जुड़े एक सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा, "कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल को लगता है कि मध्य क्रम के लिए कोई बैकअप तैयार नहीं है। हार्दिक पांड्या और नितिश रेड्डी के चोटिल होने की संभावना को देखते हुए, वे शीर्ष क्रम में ऐसा खिलाड़ी चाहते हैं जो वनडे मैच में कम से कम 4 ओवर फेंक सके।"

टीम प्रबंधन रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर भी चिंतित है।

ADVERTISEMENT

करियर 

तिलक ने अब तक खेले हैं 5 वनडे मैच 

तिलक ने 2023 में बांग्लादेश के खिलाफ अपने वनडे करियर का आगाज किया था।

उन्होंने अब तक 5 वनडे खेले हैं और इसकी 4 पारियों में उन्होंने 22.66 की औसत और 57.14 की स्ट्राइक रेट के साथ 68 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक अर्धशतक लगाया है।

उन्होंने अब तक 59 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 44.45 की औसत और 145.18 की स्ट्राइक रेट से 1,645 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 शतक और 9 अर्धशतक लगाए हैं।

ADVERTISEMENT

कार्यक्रम 

अक्टूबर में शुरू होगी विश्व कप की योजना 

वनडे विश्व कप की असली योजना तब शुरू होगी जब भारत अक्टूबर में न्यूजीलैंड पहुंचेगा।

ऐसा इसलिए है क्योंकि 27 सितंबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज के लिए ज्यादातर मुख्य खिलाड़ी उपलब्ध नहीं होंगे।

इसी दौरान, एक मजबूत टी-20 टीम भी एशियाई खेलों के लिए जापान रवाना होगी।

ऐसे में व्यस्त कार्यक्रम के बीच तिलक घरेलू वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर आ सकते हैं और अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं की उम्मीदों पर खरा उतर सकते हैं।

ADVERTISEMENT