
यूबीसॉफ्ट 2026 में लॉन्च कर सकती है 'प्रिंस ऑफ पर्शिया' गेम का रीमेक
क्या है खबर?
दिग्गज गेम निर्माता कंपनी यूबीसॉफ्ट जल्द ही लोकप्रिय गेम 'प्रिंस ऑफ पर्शिया: सैंड्स ऑफ टाइम' का रीमेक लॉन्च करने वाली है। कंपनी ने कहा है कि यह गेम 2025-26 के वित्तीय वर्ष में आएगा। लंबे इंतजार और कई देरी के बाद अब इसके लिए एक तय समय सामने आ गया है। ताजा जानकारी से पता चलता है कि इसका रिलीज समय जनवरी से मार्च, 2026 के बीच हो सकता है।
बदलाव
ग्राफिक्स में हुआ बदलाव
इस रीमेक की घोषणा 2020 में हुई थी, लेकिन शुरुआत में इसका ट्रेलर कमजोर ग्राफिक्स के चलते आलोचना का शिकार हुआ। पहले इसे भारत के मुंबई और पुणे में विकसित किया जा रहा था, लेकिन बाद में प्रोजेक्ट को यूबीसॉफ्ट की मॉन्ट्रियल और टोरंटो टीमों को सौंपा गया। इसके बाद गेम में कई बड़े बदलाव किए गए, जैसे नए एनिमेशन, बेहतर कॉम्बैट सिस्टम और पूरी तरह नया विज़ुअल लुक जोड़ा गया।
उम्मीद
अब नई उम्मीदों के साथ लौटेगा गेम
अब इस गेम को और प्रामाणिक बनाने की कोशिश की जा रही है। इसमें प्रिंस की आवाज के लिए फारसी मूल के नए अभिनेता को शामिल किया गया है। यूबीसॉफ्ट द लॉस्ट क्राउन गेम की सफलता से उत्साहित है और चाहता है कि सैंड्स ऑफ टाइम रीमेक भी उसी स्तर का हो। प्रशंसकों को अब इसके ट्रेलर का इंतजार है, जो जल्द आ सकता है, क्योंकि इसकी संभावित रिलीज अब 1 साल से भी कम दूर है।