Loading...
GTA VI डाउनलोड करने के चक्कर में खाली हो सकता है बैंक अकाउंट, ऐसे रहें सुरक्षित
GTA VI के इंतजार का फायदा उठा रहे साइबर ठग

GTA VI डाउनलोड करने के चक्कर में खाली हो सकता है बैंक अकाउंट, ऐसे रहें सुरक्षित

Nov 06, 2026
08:47 am

क्या है खबर?

ग्रैंड थेफ्ट ऑटो VI की रिलीज से पहले इंटरनेट पर धोखाधड़ी के मामले सामने आने लगे हैं। साइबर सुरक्षा कंपनी नेटक्राफ्ट ने चेतावनी दी है कि ठग इस गेम के नाम पर नकली वेबसाइटें बना रहे हैं। इन पर गेम की कथित लीक कॉपी, मुफ्त डाउनलोड और समय से पहले खेलने का दावा किया जा रहा है। इन ऑफर्स के झांसे में आने वाले लोगों की निजी जानकारी और डिवाइस की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

खतरनाक

डाउनलोड करने पर कंप्यूटर में इंस्टॉल हो सकता है खतरनाक सॉफ्टवेयर

नेटक्राफ्ट की जांच में सामने आया कि कुछ वेबसाइटें गेम की फाइल बताकर ऐसी चीजें डाउनलोड करा रही हैं, जिनमें ट्रोजन जैसे खतरनाक सॉफ्टवेयर मौजूद हैं।

एक साइट से मिली GTAVI.exe फाइल को 34 एंटीवायरस जांच प्रणालियों ने खतरा बताया है। दूसरी वेबसाइट के लॉन्चर को भी कई सुरक्षा प्रणालियों ने संदिग्ध पाया है।

इतना ही नहीं, एक साइट ने गेम शुरू करने के लिए यूजर्स से 100 डॉलर (लगभग 9,500 रुपये) क्रिप्टोकरेंसी में मांगे।

फर्जीवाड़ा

PC और मोबाइल गेम के नाम पर भी चल रहा फर्जीवाड़ा

ठग सिर्फ लीक कॉपी के नाम पर ही नहीं, बल्कि PC और मोबाइल वर्जन का लालच देकर भी लोगों को फंसा रहे हैं।

कुछ वेबसाइटों पर गेम का PC वर्जन 199 डॉलर में बेचने का दावा किया जा रहा है, जबकि रॉकस्टार ने अभी केवल प्लेस्टेशन 5 और एक्सबॉक्स सीरीज एक्स-S के लिए गेम की घोषणा की है।

कई साइटें एंड्रॉयड वर्जन और मुफ्त प्री-ऑर्डर कोड देने का दावा करती हैं, लेकिन बदले में सर्वे और ऐप डाउनलोड करवाती हैं।

ADVERTISEMENT

सलाह

गेमर्स को इन वेबसाइटों से दूर रहने की सलाह

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने गेमर्स को सलाह दी है कि वे किसी अनजान वेबसाइट के लालच में आकर फाइल डाउनलोड न करें।

गेम खरीदने के लिए केवल आधिकारिक प्लेस्टेशन और एक्सबॉक्स स्टोर या अधिकृत दुकानों का इस्तेमाल करें। नेटक्राफ्ट का अनुमान है कि गेम रिलीज होने के बाद ठग मुफ्त गेम करेंसी, शार्क कार्ड और नकली सहायता पेज के जरिए धोखाधड़ी कर सकते हैं।

रॉकस्टार, प्लेस्टेशन या एक्सबॉक्स खाते का पासवर्ड किसी बाहरी वेबसाइट पर साझा न करें।

ADVERTISEMENT