ट्रूकॉलर ने भारत में लॉन्च किया स्कैम चेकर टूल, धोखेबाजी का पता लगाना होगा आसान
ट्रूकॉलर ने हाल ही में वेब और एंड्रॉयड दोनों के लिए एक नया स्कैम चेकर टूल पेश किया है। इसकी खास बात यह है कि बिना किसी ऐप को डाउनलोड किए या साइन-इन किए आप आसानी से पता लगा सकते हैं कि कोई फोन नंबर, लिंक या मैसेज धोखेबाजी वाला है या नहीं।
यह टूल ट्रूकॉलर कम्युनिटी की 'स्कैमफीड' पर दी गई रिपोर्ट्स का इस्तेमाल करके काम करता है, जिससे आपको संभावित स्कैम के बारे में तुरंत जानकारी मिल जाती है।
इन देशों में भी पेश करने की योजना
फिलहाल स्कैम चेकर भारत में चालू है और यहां हर सप्ताह करीब 1,300 नई रिपोर्टें इसमें जोड़ी जा रही हैं। ट्रूकॉलर की योजना है कि इसे आगे लैटिन अमेरिका, मध्य पूर्व, अफ्रीका और दक्षिण-पूर्व एशिया में भी पेश किया जाएगा।
यूजर्स से मिली जानकारी की मदद से यह टूल लगातार और ज्यादा स्मार्ट होता जा रहा है। यह लोगों को धोखेबाजों से एक कदम आगे रहने में मदद कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ इसे ऐपल और गूगल जैसी प्रतिद्वंद्वी कंपनियों से नई चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है।