स्वतंत्रता दिवस से पहले ISS पर तिरंगा, रूसी अंतरिक्ष यात्रियों ने दी भारत को बधाई
क्या है खबर?
भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) से रूसी अंतरिक्ष यात्रियों ने भारतीयों के लिए खास मैसेज भेजा है। उन्होंने हाथ में तिरंगा लेकर भारतवासियों को शुभकामनाएं दीं और दोनों देशों के पुराने अंतरिक्ष सहयोग को याद किया। कॉस्मोनॉट प्योत्र डुब्रोव ने भारत के लोगों के लिए शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष खोज भारत-रूस की दोस्ती का अहम हिस्सा रही है और आगे भी दोनों देश साथ काम करते रहेंगे।
दोस्ती
गगारिन से जुड़ी भारत-रूस की दोस्ती
कॉस्मोनॉट्स ने भारत के स्वतंत्रता दिवस को अंतरिक्ष इतिहास की एक खास उपलब्धि से भी जोड़ा।
इस साल सोवियत कॉस्मोनॉट यूरी गगारिन के अंतरिक्ष में जाने के 65 साल पूरे हो रहे हैं। गगारिन नवंबर 1961 में भारत आए थे और उनकी यात्रा दोनों देशों की बढ़ती दोस्ती का प्रतीक बनी थी।
मैसेज में उनकी भारत को लेकर कही बात भी याद की गई, जिसमें उन्होंने देश और यहां रहने वाले सच्चे दोस्तों की तारीफ की थी।
साझेदारी
आर्यभट्ट से राकेश शर्मा तक साझेदारी
भारत और रूस का अंतरिक्ष सहयोग कई दशक पुराना है।
साल 1975 में सोवियत संघ ने भारत का पहला उपग्रह आर्यभट्ट अंतरिक्ष में भेजा था। इसके बाद 1984 में राकेश शर्मा सोवियत अंतरिक्ष यान सोयुज T-11 से अंतरिक्ष जाने वाले पहले भारतीय बने।
इन उपलब्धियों ने दोनों देशों के अंतरिक्ष संबंधों को मजबूत किया। रूसी कॉस्मोनॉट्स ने अपने संदेश में इन ऐतिहासिक पड़ावों को याद करते हुए भारत और रूस की पुरानी साझेदारी का खास तौर पर उल्लेख किया।
गगनयान
गगनयान मिशन में भी साथ देगा रूस
रूसी कॉस्मोनॉट्स ने भारत के गगनयान मानव अंतरिक्ष मिशन का भी जिक्र किया।
कॉस्मोनॉट अन्ना किकिना ने बताया कि भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों ने रूस के यूरी गगारिन कॉस्मोनॉट ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण लिया है। यह प्रशिक्षण भारत के पहले मानव मिशन की तैयारियों का हिस्सा रहा है।
मैसेज के अंत में दोनों देशों के अंतरिक्ष सहयोग को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई गई। कॉस्मोनॉट एंड्री फेड्याव ने तिरंगा हाथ में लेकर कहा कि भारत-रूस की दोस्ती अमर रहे।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें वीडियो
Watch:
— Sidhant Sibal (@sidhant) August 10, 2026
Russian cosmonauts, part of crew of the International Space Station extend congratulations to India over upcoming India’s Independence celebrations.
Point to India's self reliance in space sector, the Gaganyaan space mission & Yuri Gagarin's India visit. pic.twitter.com/rxaKp2AJ7F