ऐपल के पुराने आईफोंस के हार्डवेयर में मिला बग, अपडेट से भी नहीं सुधरेगा
ऐपल के A12 और A13 चिप्स में एक नए सिक्योरिटी बग 'यूसबीलिटेर8' का पता चला है। इसका असर पुराने आईफोंस- XS, XR और 11 पर पड़ रहा है।
यह खामी फोन के बूट रोम में है। बूट रोम दरअसल वह पहला कोड होता है, जो फोन के ऑन होते ही चलता है क्योंकि यह चिप के हार्डवेयर का ही हिस्सा है। इस कारण कंपनी इसे किसी सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए ठीक नहीं कर पाएगी।
फोन तक फिजिकल एक्सेस से हो सकता है जेलब्रेक
यह खामी चिप में ही 'हार्ड-वायर्ड' है, इसलिए हैकर्स जिनके पास USB केबल लगाकर फोन तक फिजिकल एक्सेस हो वे आपके डिवाइस को जेलब्रेक कर सकते हैं और उसकी सुरक्षा को तोड़ सकते हैं।
साइबर सुरक्षा फर्म पैराडाइम शिफ्ट का कहना है कि नए हार्डवेयर पर जाना ही सबसे अच्छा समाधान है क्योंकि इस तरह की खामी को पैच नहीं किया जा सकता। आजकल जेलब्रेक भले ही कम होते हों, लेकिन यह बात दिखाती है कि पुराने डिवाइसेस को सुरक्षित रख पाना कितना मुश्किल है।