Loading...
नितीश रेड्डी आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज से हुए बाहर, इंग्लैंड दौरे पर भी संकट
नितीश रेड्डी आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं

नितीश रेड्डी आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज से हुए बाहर, इंग्लैंड दौरे पर भी संकट

Jun 23, 2026
02:34 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम को 26 जून से आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ शुरू होने वाली 2 टी-20 मैचों की सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नितीश रेड्डी चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। इसी तरह उन पर इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली टी-20 और वनडे सीरीज से भी बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है।

चोट

बाएं पैर की जांघ में चोट से जूझ रहे हैं रेड्डी

BCCI के सूत्र ने PTI से कहा, रेड्डी को अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान बाएं पैर की क्वाड्रिसेप्स (जांघ की मांसपेशी) में चोट लगी थी। शुरुआत में इसे सामान्य समस्या माना गया था, लेकिन MRI रिपोर्ट ने तस्वीर बदल दी।

उन्होंने बताया कि मेडिकल जांच में मांसपेशी में सूजन और फाइबर डैमेज सामने आया है, जिसके बाद उन्हें आगे के मूल्यांकन और पुनर्वास के लिए बेंगलुरु में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में बुलाया गया है।

परेशानी

रेड्डी को ठीक होने में चलेगा 4 सप्ताह का समय

BCCI सूत्र ने बताया कि रेड्डी को ठीक होने में कम से कम 4 सप्ताह का समय लग सकता है। इसके बाद ही वह खेल में वापसी की प्रक्रिया शुरू कर पाएंगे। ऐसे में आयरलैंड सीरीज तो लगभग हाथ से निकल चुकी है, जबकि इंग्लैंड दौरे में उनकी उपलब्धता भी संदेह के घेरे में है।

बता दें कि भारतीय टीम 24 जून को आयरलैंड के लिए रवाना होगी। इसके बाद 26 और 28 जून को मैच खेलेगी।

ADVERTISEMENT

विकल्प

पांड्या का विकल्प माने जा रहे थे रेड्डी

रेड्डी की चोट ऐसे समय आई है जब टीम हार्दिक पांड्या की फिटनेस को लेकर सतर्क है। पांड्या भी क्वाड्रिसेप्स की समस्या से जूझ रहे हैं। वह फिलहाल वनडे में पूरे 10 ओवर फेंकने की स्थिति में नहीं हैं।

यही वजह थी कि टीम प्रबंधन रेड्डी को एक ऐसे खिलाड़ी के रूप में देख रहा था जो बल्लेबाजी के साथ तेज गेंदबाजी में भी योगदान दे सके।

हालांकि, अब दोनों प्रमुख ऑलराउंडरों की फिटनेस चिंता का विषय बन गई है।

ADVERTISEMENT

रफ्तार

रेड्डी ने बढ़ाई थी अपनी गेंदबाजी की रफ्तार

हाल ही में हुए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के गेंदबाजी कोच जेम्स फ्रैंकलिन ने रेड्डी की फिटनेस सुधारने की कोशिशों के बारे में बात करते हुए कहा था कि ऑलराउंडर ने अपनी गेंदबाजी का भार और गति दोनों बढ़ा दी थी। पहले वह 125-128 किलोमीटर/घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकते थे, लेकिन अब उनकी रफ्तार 130-135 तक पहुंच गई है।

ऐसे में उनकी चोट भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय है।

मौका

सूर्यांश शेडगे को मिला रेड्डी की जगह मौका

पांड्या और रेड्डी के बाहर होने के बाद सबसे बड़ा संकट उनके प्रतिस्थापन को लेकर खड़ा हुआ था।

इसके बाद BCCI ने IPL और घरेलू क्रिकेट के प्रदर्शन को देखते हुए सूर्यांश शेडगे को रेड्डी की जगह टीम में शामिल किया है।

शेडगे ने IPL 2026 में पंजाब किंग्स (PBKS) के लिए 7 मैचों में 39.50 की औसत से 158 रन बनाए हैं। इसमें एक अर्धशतक शामिल है।

टी-20 में उन्होंने 30 मैचों में 356 रन बनाए हैं।

ADVERTISEMENT