'लॉकअप 2' में कंगना रनौत क्यों नहीं? एकता कपूर बोलीं- दर्शकों का नजरिया बदल गया
क्या है खबर?
एकता कपूर इन दिनों रियलिटी शो 'लॉकअप' के दूसरे सीजन को लेकर चर्चा में हैं। जहां फैंस लंबे समय से शो का इंतजार कर रहे थे, वहीं उन्हें उम्मीद थी कि जेलर के रूप में कंगना रनौत फिर लौटेंगी। दरअसल, 2022 में आए शो के पहले सीजन की मेजबानी कंगना ने ही की थी। अब दूसरे सीजन में उनकी वापसी न होने से फैंस के मन में कई सवाल थे, जिनका जवाब आखिरकार एकता ने दिया है।
प्रतिक्रिया
एकता ने कंगना को 'लॉकअप 2' में न लेने की वजह बताई
'लॉकअप: सच या सजा' के लॉन्च कार्यक्रम में, एकता ने कंगना की शो में वापसी न करने के पीछे का कारण बताया। उन्होंने कहा, "शो का पूरा फॉर्मेट, पूरी सोच और दर्शकों का नजरिया बदल गया है। शो का जो जेलर-जज वाला फॉर्मेट था, वो भी बदल गया है। मूल शो का कुछ भी नहीं रखा गया है। पुराने को रखने से ब्रांडिंग की ताजगी बरकरार नहीं रहेगी। इसलिए मुझे यकीन है कि कंगना यह बात समझ गई होंगी।"
प्रतियोगी
प्रतियोगियों और मेजबान के बारे में जानिए
'लॉकअप: सच या सजा' में इस बार एक नहीं, बल्कि 2 मेजबान नजर आएंगे। रितेश देशमुख और फराह खान जेलर बनकर शो में दस्तक दे रहे हैं, जिनका काम कैदियों से उनकी निजी राज उगलवाना या फिर उन्हें सजा देना होगा। अब तक राम कपूर, पामेला सेरेना और शिवांगी जोशी शो के कंफर्म प्रतियोगी बन चुके हैं। शो 27 जून, 2026 से नेटफ्लिक्स पर दस्तक देने के लिए तैयार है। नए एपिसोड शनिवार से बुधवार तक प्रसारित होंगे।