अमेरिकी कोर्ट ने मिनेसोटा के कानून पर लगाई अस्थायी रोक, xAI को राहत
अमेरिकी अपील्स कोर्ट ने मिनेसोटा के उस नए कानून पर अस्थायी रोक लगा दी है, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर नकली अश्लील तस्वीरें बनाने पर प्रतिबंध लगाता था।
यह फैसला एलन मस्क की कंपनी xAI की उस याचिका के बाद आया है, जिसमें कंपनी ने इस कानून को चुनौती देते हुए कहा था कि यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकारों का उल्लंघन करता है। इस कानून का मकसद था कि लोग AI का उपयोग करके वास्तविक जैसी दिखने वाली न्यूड अश्लील तस्वीरें न बना पाएं।
xAI ने सुरक्षा फीचर्स का किया बचाव
xAI का कहना है कि उसके ग्रोक इमेजिन टूल में पहले से ही सुरक्षा फीचर्स मौजूद हैं, जो इसके गलत इस्तेमाल को रोकते हैं। कंपनी ऐसे यूजर्स पर कार्रवाई भी कर रही है, जो इन फीचर्स को दरकिनार करने की कोशिश करते हैं।
दूसरी तरफ, मिनेसोटा के अधिकारियों का तर्क है कि यह कानून लोगों को उत्पीड़न और हानिकारक कंटेंट से बचाने के लिए जरूरी है, खासकर बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट के मामले में। AI टूल्स को नियंत्रित करने वाले कानूनों की सीमा क्या हो? इस पर बहस अभी भी जारी है।