अगले साल इस तारीख को दिखेगा 6 मिनट का सबसे लंबा पूर्ण सूर्य ग्रहण
खगोल प्रेमियों को अगले साल 2 अगस्त को यूरोप, उत्तरी अफ्रीका और पश्चिम एशिया के कुछ इलाकों में एक दुर्लभ पूर्ण सूर्य ग्रहण देखने को मिलेगा।
यह सदी का ऐसा ग्रहण होगा, जो 6 मिनट से भी ज्यादा देर तक दिखाई देगा। इसे इस सदी के सबसे लंबे सूर्य ग्रहणों में से एक माना जा रहा है, जिसे धरती पर से देखा जा सकेगा।
इन देशों में दिखेगी यह खगोलीय घटना
यह अद्भुत खगोलीय घटना अटलांटिक महासागर के ऊपर से शुरू होकर दक्षिणी स्पेन, जिब्राल्टर, मोरक्को, अल्जीरिया, ट्यूनीशिया, लीबिया, मिस्र और फिर पश्चिम एशिया तक जाएगी। कैडिज (स्पेन), टेंगियर (मोरक्को), बेंगाजी (लीबिया), लक्सर (मिस्र) और जेद्दा (सऊदी अरब) जैसे शहरों में सबसे लंबे समय तक पूर्ण अंधकार का अनुभव होगा।
अगर, आप इस मुख्य मार्ग में नहीं भी आते हैं, लेकिन फिर भी इस नजारे का हिस्सा बनना चाहते हैं तो यूरोप, अफ्रीका और एशिया के बड़े हिस्से में आंशिक ग्रहण देखा जा सकेगा।
हालांकि, सुरक्षा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। इस नजारे का लुत्फ उठाने के लिए सिर्फ प्रमाणित ग्रहण वाले चश्मे या सोलर फिल्टर का ही इस्तेमाल करें।