अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ऐप आयु सत्यापन कानून को दी हरी झंडी
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में टेक्सस को अपना नया ऐप उम्र सत्यापन कानून लागू करने की हरी झंडी दे दी है, जबकि इस पर कानूनी बहस अभी भी जारी है।
टेक्सस में अब अगर, आप 18 साल से कम उम्र के हैं तो कोई भी ऐप डाउनलोड करने या खरीदने से पहले ऐप स्टोर्स को आपकी उम्र जांचनी होगी और माता-पिता की इजाजत लेनी पड़ेगी।
इसके अलावा, नाबालिगों के अकाउंट को माता-पिता या अभिभावक से जोड़ना भी जरूरी होगा। इन सभी कदमों का मकसद बच्चों को ऑनलाइन ज्यादा सुरक्षित रखना है।
कंपनियों ने कानून को कोर्ट में चुनौती
कंप्यूटर एंड कम्युनिकेशंस इंडस्ट्री एसोसिएशन इस कानून को कोर्ट में चुनौती दे रहा है। इसमें ऐपल और गूगल जैसी बड़ी कंपनियों के साथ-साथ कुछ छात्र भी सदस्य हैं।
उनका कहना है कि यह कानून बोलने की आजादी को खतरे में डाल सकता है क्योंकि इससे ऐप स्टोर्स को ढेर सारी ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखनी पड़ेगी।
पिछले साल एक न्यायधीश ने इस कानून पर रोक लगाते हुए इसकी तुलना किसी बुकस्टोर में हर ग्राहक से ID मांगे से की थी। हालांकि, जून में उस रोक को हटा लिया गया।