चंद्रमा से दूर पहला रेडियो सिग्नल तलाशेगा कॉस्मोक्यूब सेटेलाइट
रॉयल एस्ट्रोनॉमिकल सोसाइटी ने कॉस्मोक्यूब नाम का एक छोटा सैटेलाइट बनाने की योजना बनाई है। इसे इस दशक के खत्म होने तक लॉन्च करने की तैयारी है।
इसका मुख्य लक्ष्य ब्रह्मांड के सबसे शुरुआती रेडियो सिग्नलों को सुनना है। आसान शब्दों में कहें तो यह कॉस्मिक डार्क एजेस से आने वाली आवाजों को रिकॉर्ड करेगा, जब तारे और आकाशगंगाएं भी नहीं बनी थीं।
प्राचीन हाइड्रोजन सिग्नल इकट्ठा करेगा
कॉस्मोक्यूब चंद्रमा के पीछे अपनी कक्षा में घूमेगा। ऐसी जगह पर पृथ्वी का रेडियो शोर नहीं पहुंच पाता है, जिससे सिग्नल साफ मिल सकें। 2 साल तक यह एक बेहद संवेदनशील और सटीकता से कैलिब्रेट किए गए रेडियो रिसीवर रेडिओमीटर का इस्तेमाल करके प्राचीन हाइड्रोजन परमाणुओं से आने वाले कमजोर सिग्नलों को इकट्ठा करेगा। हर 2 घंटे के चक्कर में यह 40 मिनट डाटा जुटाने में लगाएगा।
वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि यह मिशन ब्रह्मांड के विकास के बारे में बड़े सवालों के जवाब देने में मदद करेगा, रहस्यमय डार्क मैटर पर नई रोशनी डालेगा और शायद उन गुत्थियों को भी सुलझाएगा कि हमारा ब्रह्मांड उम्मीद से ज्यादा तेजी से क्यों फैल रहा है?