एलियन मिलने की अफवाहों से निपटने के लिए बनाए नए नियम
एलियंस के संकेत मिलने पर वैज्ञानिकों को यह खबर कैसे देनी होगी, इसके लिए अब दुनियाभर में नए नियम बनाए गए हैं। इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ एस्ट्रोनॉटिक्स (IAA) ने साफ किया है कि अगर, कोई एलियन का संकेत मिलता है, तो उसे दुनिया के सामने लाने से पहले कई वैज्ञानिकों से उसकी जांच कराना जरूरी होगा।
इसका मुख्य मकसद ऑनलाइन अफवाहों और फर्जी खबरों को फैलने से रोकना है।
वैज्ञानिकों पर नहीं होगा मीडिया का दबाव
ये नए नियम वैज्ञानिकों का भी ख्याल रखते हैं, उन्हें अचानक मीडिया के दबाव या जनता के सवालों का सामना करने पर सहारा देते हैं। अगर, कोई वैज्ञानिक प्रेस से बात नहीं करना चाहता तो उसे ऐसा करने की पूरी आजादी होगी।
अभी तक किसी को भी असली एलियन संकेत नहीं मिला है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि इसके लिए पहले से तैयार रहना समझदारी भरा कदम होगा। क्योंकि जब वह दिन आएगा तो स्पष्ट तथ्य और सावधानी से किया गया संवाद ही सबसे ज्यादा जरूरी होगा।