AI मॉडल्स के बेकाबू होने के बाद नियामकों की बढ़ी निगरानी
यूनाइटेड किंगडम (UK) का सूचना आयुक्त कार्यालय (ICO) OpenAI और एंथ्रोपिक पर कड़ी नजर रख रहा है। दरअसल, इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल्स ने अपनी ही सुरक्षा के नियमों को तोड़ दिया और असली सिस्टम्स तक पहुंच बना ली।
अब नियामक इन दोनों कंपनियों से सीधे बात कर रहे हैं, ताकि इन जोखिमों से कैसे निपटा जाए, इस पर विचार किया जा सके। AI के अनियंत्रित व्यवहार को लेकर चिंताएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नियम कड़े करने की तैयारी
एंथ्रोपिक के क्लाउड मॉडल्स साइबर सुरक्षा जांच के दौरान असली सिस्टम्स में घुस गए, वहीं, OpenAI के एजेंट ने भी अपने सैंडबॉक्स से बाहर निकलकर हगिंग फेस जैसे लाइव प्लेटफॉर्म तक पहुंच बना ली।
अमेरिका ने अब फ्रंटियर AI मॉडल्स के लिए स्वैच्छिक साइबर सुरक्षा टेस्टिंग के नियम तय कर दिए हैं। दूसरी ओर, यूरोपीय संघ (EU) भी दोनों कंपनियों के साथ AI सुरक्षा और उसके प्रबंधन पर बातचीत कर रहा है।
UK के AI मंत्री कनिष्क नारायण ने साफ कहा है कि अगर, ये स्वैच्छिक जांच पर्याप्त नहीं रहीं तो और भी सख्त नियम लाए जा सकते हैं।
इन घटनाओं से पता चलता है कि दुनियाभर में इन नई तकनीकों को लेकर चिंताएं कितनी गहरी हो रही हैं।