सरकार ने एजेंटिक AI प्लेटफॉर्म के लिए कोरोवर और काइंड्रिल सॉल्यूशंस को चुना
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने सरकार-स्तर के एजेंटिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्लेटफॉर्म के लिए कोरोवर और काइंड्रिल सॉल्यूशंस को चुना है। ये दोनों कंपनियां प्रोजेक्ट के तकनीकी मूल्यांकन में सफल रही हैं।
बोलियों की जांच करने के बाद नेशनल ई-गवर्नेंस डिवीजन (NeGD) ने 18 सितंबर को एक मूल्यांकन नोटिस जारी किया।
इस नोटिस का लक्ष्य एक ऐसा AI बॉट फ्रेमवर्क तैयार करना है, जिसका उपयोग अलग-अलग सार्वजनिक सेवाओं में किया जा सके।
डिजिलॉकर में मिलेगी सबसे पहले यह तकनीक
यह तकनीक सबसे पहले डिजिलॉकर में देखने को मिलेगी। यहां इसके आने से दस्तावेजों और लेन-देन को संभालना और भी सुरक्षित और इस्तेमाल में आसान हो जाएगा।
इस सिस्टम को पूरी तरह लागू होने में 4 महीने का समय लगेगा। इसके बाद एक साल तक इसका रखरखाव और सपोर्ट भी जारी रहेगा।
इसमें नेचुरल-लैंग्वेज चैट और कई भाषाओं में सपोर्ट जैसे फीचर्स की उम्मीद है। आप कोई भी सरकारी ऐप इस्तेमाल कर रहे हों, इसकी मदद से सभी काम और भी आसान हो जाएंगे।