सिद्धार्थ मल्होत्रा की 'द वन' को सेंसर बोर्ड ने दिखाई हरी झंडी, फिल्म को मिला प्रमाणपत्र
क्या है खबर?
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की आगामी फिल्म 'द वन- फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' चर्चा में है। ताजा अपडेट है कि सिनेमाघरों में आने से 3 दिन पहले, इसने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से मामूली काट-छांट के बाद प्रमाणपत्र हासिल कर लिया है। दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बनी 'द वन' अलौकिक लोककथा पर आधारित एक पौराणिक-थ्रिलर है। इसका निर्माण बालाजी मोशन पिक्चर्स और द वायरल फीवर ने मिलकर किया है।
प्रमाणपत्र
'यूए' प्रमाणपत्र के साथ पास हुई 'द वन'
वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, 'द वन' को सेंसर बोर्ड द्वारा 'यूए' प्रमाणपत्र देकर पास किया गया है। यह प्रमाणपत्र बोर्ड द्वारा अनिवार्य कुछ काट-छांट और संशोधनों के बाद मिला है, जिन्हें निर्माताओं ने पूरा किया।
'यूए' प्रमाणपत्र फिल्म को सभी उम्र के दर्शकों के लिए देखने योग्य बनाता है, लेकिन 12 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए माता-पिता या अभिभावक का मार्गदर्शन होना जरूरी है।
फिल्म की कुल अवधि 2 घंटे 16 मिनट 25 सेकंड है।
फिल्म
जानिए कब रिलीज हो रही है फिल्म
'द वन' की कहानी बिहार की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जो 16वीं सदी के वन देवी मंदिर की प्रचलित लोककथाओं, अलौकिक शक्तियों और प्राचीन मान्यताओं को दिखाने का दावा करती है।
फिल्म में सिद्धार्थ दोहरी भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे। उनका एक किरदार पुनर्जन्म पर आधारित होगा।
सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, श्वेता तिवारी और अपून सोनी जैसे कलाकार भी फिल्म में अहम किरदार निभाते हुए दिखेंगे।
यह फिल्म 25 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों का दरवाजा खटखटाने उतरेगी।