AI की बढ़ती होड़ के कारण महंगे हुए फोन-लैपटॉप
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के लिए दुनियाभर में मची होड़ के कारण भारत में स्मार्टफोन, लैपटॉप और टैबलेट की कीमतें बढ़ रही हैं।
एनवीडिया और माइक्रोसॉफ्ट जैसी बड़ी कंपनियों को अपने AI सर्वर के लिए ज्यादा हाई-बैंडविड्थ मेमोरी चिप्स की जरूरत पड़ रही है, जिसकी वजह से आम गैजेट्स के लिए कम मेमोरी उपलब्ध हो पा रही है।
ऐपल ने तो पहले ही यहां मैकबुक और आईपैड की कीमतें बढ़ा दी हैं।
स्मार्टफोन के दाम 7.9 फीसदी बढ़े
2026 के पहले 5 महीनों में स्मार्टफोन की कीमतें 7.9 फीसदी बढ़ी हैं, वहीं 10,000 रुपये से कम वाले स्मार्टफोन की औसत कीमतें 17.6 फीसदी तक बढ़ गई हैं।
लैपटॉप और कंप्यूटर (PC) की कीमतों में भी 35 फीसदी तक की बढ़ोतरी हो सकती है क्योंकि मेमोरी चिप बनाने वाली कंपनियां अब AI चिप्स पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं, जिनमें उन्हें ज्यादा मुनाफा होता है।
उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि अगर, आप कोई नया डिवाइस खरीदने की योजना बना रहे हैं तो ज्यादा देर न करें। इस साल त्योहारी सीजन में अच्छी डील्स मिलना काफी मुश्किल हो सकता है।