आपके आधार से लिए फर्जी सिम का संचार साथी से मिनटों में लगाएं पता
आपके आधार का गलत इस्तेमाल कर कोई फर्जी सिम चला रहा है, इसका पता लगाने के लिए सरकार ने संचार साथी नाम का एक नया प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है।
यह प्लेटफॉर्म आपको उन सभी मोबाइल नंबरों का पता लगाने और उनकी शिकायत करने में मदद करेगा, जो आपकी पहचान से जुड़े हैं, लेकिन जिन्हें आपने नहीं लिया है।
सरकार का यह कदम ऐसे समय आया है, जब अक्सर पहचान पत्रों का गलत इस्तेमाल कर सिम कार्ड ले लिए जाते हैं। इन सिम का उपयोग कई बार वित्तीय धोखाधड़ी जैसे गलत कामों के लिए भी किया जाता है।
संचार साथी पर अनजान नंबर करें फ्लैग
इसके लिए आपको बस संचार साथी वेबसाइट पर जाना होगा। वहां अपना मोबाइल नंबर डालें, फिर कैप्चा और OTP डालकर वेरिफाई करें। इसके बाद आपको अपने आधार से जुड़े सभी फोन कनेक्शन एक साथ स्क्रीन पर दिख जाएंगे।
अगर, आपको कोई ऐसा नंबर दिखे, जो आपने नहीं लिया है या जिसके बारे में आप नहीं जानते तो आप उसे तुरंत वहीं फ्लैग कर सकते हैं।
आज के समय में हमारी बैंकिंग और पूरी डिजिटल जिंदगी काफी हद तक हमारे फोन पर निर्भर करती है। ऐसे में यह टूल आपके डाटा को सुरक्षित रखने और आपको मानसिक शांति देने के लिए बेहद अहम है।