फिगर घर के काम की वीडियो रिकॉर्ड करने पर दे रही पैसे कमाने का मौका
रोबोटिक्स कंपनी फिगर चाहती है कि आप अपने रोजमर्रा के कामों को कैमरे में रिकॉर्ड करें। कंपनी का नया ऐप 'इंडेक्स' लोगों को खाना बनाते, सफाई करते, बिस्तर लगाते और कपड़े तह करते हुए खुद को रिकॉर्ड करने के लिए पैसे देता है।
इन वीडियो से ह्यूमनॉइड रोबोट्स को असल जिंदगी के काम करने की ट्रेनिंग मिलती है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) ब्रेट एडकॉक बताते हैं कि वीडियो बनाने वालों ने अब तक अपनी अपलोड की गई रिकॉर्डिंग के लिए लगभग 150 करोड़ (करीब 14,000 करोड़ रुपये) डॉलर कमाए हैं।
2.64 लाख से ज्यादा बार हुआ डाउनलोड
इंडेक्स ऐप तेजी से लोगों के बीच अपनी जगह बना रहा है। इसे 2.64 लाख से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है और हर सप्ताह 44,000 एक्टिव यूज़र्स इसका इस्तेमाल करते हैं।
अब तक 108 देशों के क्रिएटर्स ने लगभग 1.6 करोड़ टास्क वीडियो अपलोड किए हैं। फिगर कंपनी अगले 12 महीनों में ज्यादा डाटा और कंप्यूटिंग पर एक अरब डॉलर (करीब 95 अरब रुपये) खर्च करने की तैयारी कर रही है।
इसलिए अगर, आप भी अपने घर के कामों की रिकॉर्डिंग करके पैसे कमाना चाहते हैं तो यह सही मौका है।
1,000 घंटे के वीडियो में हाेते हैं 373 काम
फिगर कंपनी बताती है कि कामों में जितनी ज्यादा विविधता होगी, उतना बेहतर होगा। हर 1,000 घंटे के वीडियो से 373 तरह के काम, 1,146 वस्तुएं और 116 अलग-अलग माहौल की जानकारी मिलती है।
यही विविधता रोबोट्स को अलग-अलग घरों और परिस्थितियों में काम करना सिखाती है, जिससे वे असल दुनिया के लिए ज्यादा स्मार्ट और कुशल बन पाते हैं।