FDA ने स्तन कैंसर के मरीजों के लिए दवाओं के नए कॉम्बिनेशन को दी मंजूरी
स्तन कैंसर के इलाज के लिए अमेरिका के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने हाल ही में एली लिली कंपनी के एक नए कॉम्बिनेशन (दवाओं के मेल) को मंजूरी दी है।
यह उन वयस्क मरीजों के लिए है, जिन्हें एडवांस्ड ER-पॉजिटिव, HER2-नेगेटिव ब्रेस्ट कैंसर है और जिनमें ESR1 म्यूटेशन पाया गया है।
खास बात यह है कि इन मरीजों पर पहले की हार्मोन थेरेपी का कोई असर नहीं हुआ था। ऐसे मरीजों के पास अक्सर इलाज के विकल्प कम पड़ जाते हैं। इसलिए यह नया कॉम्बिनेशन उनके लिए एक नया और अहम रास्ता खोल सकता है।
दोनों दवाओं ने बीमारी को दोगुना किया नियंत्रित
एक रिसर्च में 159 मरीजों पर इस कॉम्बिनेशन का परीक्षण किया गया। शोध के नतीजों से पता चला कि जिन मरीजों को इनलुरियो और वर्जेनियो दोनों दवाएं दी गईं, उनमें कैंसर दोगुनी अवधि तक नियंत्रण में रहा।
अगर, इनलुरियो अकेले 5.5 महीने तक कैंसर को नियंत्रित कर पाया तो कॉम्बो के साथ यह अवधि 11.1 महीने हो गई।
हालांकि, यह भी ध्यान रखना होगा कि इस कॉम्बिनेशन से कुछ दुष्प्रभाव (साइड इफेक्ट्स) भी हो सकते हैं, जैसे कि तेज दस्त और सफेद रक्त कोशिकाओं की कमी।
ऐसे में चिकित्सकों को मरीजों की सेहत पर लगातार नजर रखनी होगी। यह दवा अब अमेरिका में उपलब्ध हो गई है और यह उन तमाम महिलाओं के लिए एक बड़ा बदलाव ला सकती है, जो इस मुश्किल बीमारी से लड़ रही हैं।