FBI ने हैकिंग के नए तरीके के बारे में दी चेतावनी, जानिए कैसे हो रही धोखाधड़ी
फेडरल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन (FBI) के साइबर डिवीजन ने एक पब्लिक सर्विस अनाउंसमेंट जारी किया है। इसमें 'ओपन ऑथराइजेशन (OAuth) कंसेंट फिशिंग' नाम की तकनीक का इस्तेमाल करके मशहूर लोगों को निशाना बनाने वाले साइबर अपराधियों के हालिया अभियान के बारे में जानकारी दी गई है।
FBI के अनुसार, 2025 के आखिर से साइबर हमलावर मैसेजिंग ऐप्स पर डायरेक्ट मैसेज में धोखे वाले लिंक भेजकर खास लोगों और उनके जानकारों को लक्ष्य बना रहे हैं।
अगर, आप इन लिंक पर क्लिक करके परमिशन रिक्वेस्ट वाली स्क्रीन को मंजूरी दे देते हैं तो हैकर्स आपके अकाउंट में सेंध लगा सकते हैं। इसके लिए उन्हें न तो आपके पासवर्ड की जरूरत होगी और न ही मल्टीफैक्टर ऑथेंटिकेशन की। वे आसानी से आपकी ईमेल, मैसेज और दूसरी गोपनीय जानकारियों तक पहुंच बना लेंगे।
मैसेज भेजने वाले की पहचान पक्की करने की सलाह
हमलावर अक्सर सरकारी अधिकारी, मीडिया से जुड़ी शख्सियतें या किसी कार्यक्रम के आयोजक बनकर सामने आते हैं। वे ऐसे लिंक भेजते हैं, जो फाइल-शेयरिंग सर्विस या किसी आमंत्रण जैसे दिखते हैं।
FBI की सलाह है कि हमेशा अनजान मैसेज को दोबारा अच्छे से देखें। यह भी पक्का करें कि मैसेज किसने भेजा है। किसी भी ऐप को तभी एक्सेस दें, जब आप उस पर पूरा भरोसा करते हों। अगर, आप सतर्क रहेंगे तो अपने अकाउंट को ऐसे स्कैम से सुरक्षित रख सकते हैं।