9 जून को आसमान में दिखेगा शुक्र-बृहस्पति का मिलन
खगोल प्रेमियों को 9 जून को आसमान में अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। इस शुक्र और बृहस्पति ग्रह एक-दूसरे के बहुत करीब नजर आएंगे। यह दूरी इतनी कम होगी कि अगर, आप अपनी बांह फैलाकर देखें तो आपकी छोटी उंगली की चौड़ाई जितनी ही लगेगी।
नई दिल्ली के नेहरू तारामंडल में इस खास खगोलीय घटना को देखने के लिए एक मुफ्त स्काई-वॉचिंग सेशन आयोजित किया जा रहा है। शाम 7:30 बजे से शुरू होने वाला यह सेशन करीब 8:30 बजे तक चलेगा, लेकिन यह मौसम और आसमान की साफ स्थिति पर निर्भर करेगा।
क्यों दोनों ग्रह दिखेंगे इतने पास?
यह खगोलीय घटना तब होती है, जब शुक्र, बृहस्पति और पृथ्वी एक सीधी रेखा में आ जाते हैं। इसी वजह से आसमान में ये दोनों ग्रह एक-दूसरे के बहुत करीब दिखते हैं, जबकि असल में उनके बीच लाखों किलोमीटर की दूरी होती है।
आप इस घटना को भारत के किसी भी कोने से अपनी आंखों से देख सकते हैं, लेकिन दूरबीन या टेलीस्कोप का इस्तेमाल करने पर नजारा और भी साफ और अद्भुत दिखेगा। ऐसे मिलन हर साल या लगभग हर दूसरे साल होते हैं।