AI से बन सकते हैं जैविक हथियार, टेनसेंट के AI प्रमुख की बड़ी चेतावनी
टेनसेंट के मुख्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वैज्ञानिक और OpenAI के पूर्व शोधकर्ता विंसेस याओ शुनयु ने आगाह किया है कि एडवांस AI मॉडल का दुरुपयोग करके जैविक हथियार बनाए जा सकते हैं।
हांगकांग में हुए एक विज्ञान कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि जहां एक तरफ AI दवाओं की खोज को तेज कर रहा है और हमें जीव विज्ञान को बेहतर ढंग से समझने में सहायता कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ, यह गलत हाथों में पड़ जाए तो इसका गलत इस्तेमाल खतरनाक उद्देश्यों के लिए भी किया जा सकता है।
ओपन-वेट मॉडल खतरनाक
याओ ने यह भी उजागर किया कि ओपन-वेट AI मॉडल छोटे प्रयोगशालाओं और साइबर सुरक्षा शोध के लिए बहुत उपयोगी हैं, लेकिन उनके साथ बड़े सुरक्षा जोखिम भी जुड़े हुए हैं।
अगर, इन मॉडल का दुरुपयोग किया जाए या शरारती तत्व इन्हें बदल दें तो वे नुकसान पहुंचाने वाले औजार बन सकते हैं। इस चुनौती से निपटने के लिए टेनसेंट ने अपना खुद का हाइ-4 मॉडल विकसित किया है।
इस मॉडल से हैकिंग की क्षमता को हटा दिया गया है, जबकि इसमें साइबर सुरक्षा बचाव कार्यक्षमता बनी हुई है। हालांकि, इसकी जैविक क्षमताएं अभी भी कंपनी की उच्च-जोखिम सीमा से कम हैं।