टेकमी2स्पेस 1 अक्टूबर को लॉन्च करेगी भारत का पहला ऑर्बिटल कंप्यूटिंग सैटेलाइट
भारतीय स्टार्टअप टेकमी2स्पेस 1 अक्टूबर को MOI-1A नाम का अपना सैटेलाइट लॉन्च करके इतिहास रचने वाला है। कंपनी का कहना है कि यह भारत का पहला ऐसा सैटेलाइट होगा, जो अंतरिक्ष में ही कंप्यूटिंग का काम करेगा।
यह सैटेलाइट स्पेस-X के रॉकेट से अंतरिक्ष में जाएगा। इसमें एनवीडिया ओरिन एनएक्स चिप्स का इस्तेमाल होगा, जिससे यह सैटेलाइट अंतरिक्ष में ही डेटा प्रोसेस करेगा। आप इसे ऐसे समझ सकते हैं जैसे कोई छोटा डेटा सेंटर हमारे ऊपर अंतरिक्ष में घूम रहा हो।
ग्राहक करेंगे AI डाटा का इस्तेमाल
MOI-1A के लिए कृषि, खनन और बीमा जैसे क्षेत्रों से 23 ग्राहक पहले ही मिल चुके हैं। ये सभी इसकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित डाटा प्रोसेसिंग क्षमता का इस्तेमाल करेंगे। यूजर्स अपने खुद के AI मॉडल अपलोड करके अंतरिक्ष से सीधे नतीजे पा सकते हैं।
संस्थापक रोनक सामंत्राय का कहना है कि 2027 तक और बड़े, आपस में जुड़े हुए सैटेलाइट भी आएंगे, जिनसे कंप्यूटिंग क्षमता को और बढ़ाया जा सकेगा।
टेकमी2स्पेस की योजना महत्वपूर्ण डाटा के लिए अंतरिक्ष में कोल्ड स्टोरेज की सुविधा भी देने की है। कंपनी भारत में ही ज्यादातर सैटेलाइट सबसिस्टम डिजाइन और तैयार करती है। हालांकि, चिप्स, सोलर सेल और प्रोपल्शन सिस्टम बाहर से मंगवाए जाते हैं। यह दर्शाता है कि वह बड़े पैमाने पर काम करने और दुनियाभर से रिश्ते बनाने पर जोर दे रही है।