AI से बना सेंसर 4 मिनट में पता लगा लेगा आपको किस सांप ने काटा
एक शोध टीम ने एक ऐसा लैब सेंसर बनाया है, जो केवल 4 मिनट में कोबरा और वाइपर सांप के जहर में अंतर बता सकता है। इसकी सटीकता 95 फीसदी तक है।
असल में यह सेंसर लिक्विड क्रिस्टल्स का इस्तेमाल करता है। ये क्रिस्टल जहर के संपर्क में आते ही अपनी प्रतिक्रिया देते हैं और एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम इन बदलावों को पहचानकर तुरंत जहर का पता लगा लेता है।
किस तरह काम करता है सेंसर?
पारंपरिक एंटीबॉडी टेस्ट्स के बजाय यह सेंसर एक खास तरह के फैब्रिक ग्रिड का इस्तेमाल करता है, जो लिक्विड क्रिस्टल्स से भरा होता है। जैसे ही जहर इस ग्रिड पर आता है, ये क्रिस्टल्स अपनी जगह बदलते हैं और पोलराइज्ड लाइट में खास तरह के पैटर्न बनाते हैं। इन पैटर्नों को देखकर AI यह पहचान लेता है कि यह किस सांप का जहर है।
यह एक सरल और कम खर्च वाला लैब सेंसर है। हालांकि, इसे आम अस्पतालों में रोजमर्रा के इस्तेमाल में लाने से पहले अभी और परीक्षण की जरूरत है। शोधकर्ताओं को उम्मीद है कि भविष्य में यह सांप के काटने के इलाज को कहीं ज्यादा तेज और आसान बना देगा।