TCS ने 23,000 छात्रों को दिया AI-साइबर सुरक्षा का व्यावहारिक अनुभव
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) टेक डेज ने 27 शहरों के 50 शैक्षणिक संस्थानों के 23,000 छात्रों और 912 संकाय सदस्यों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सुरक्षा और क्लाउड जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव दिया।
यह प्रोग्राम 27 शहरों के 50 संस्थानों के साथ मिलकर चलाया गया, जहां मास्टरक्लास, हैकाथॉन और उद्योग के विशेषज्ञों से सीधी बातचीत के जरिए क्लासरूम की पढ़ाई और असली दुनिया की जरूरतों के बीच के फर्क को कम करने पर जोर दिया गया।
छात्रों ने उद्योग की चुनौतियों का किया सामना
छात्रों ने केवल लेक्चर सुनने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि निर्माण, खुदरा बिक्री, बैंकिंग और ग्राहक अनुभव जैसे अलग-अलग क्षेत्रों की असली समस्याओं पर भी काम किया।
620 से अधिक TCS लीडर्स और तकनीक विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में कुल 92 मास्टरक्लास और 42 हैकाथॉन आयोजित किए गए। इन आयोजनों में हिस्सा लेते हुए छात्रों ने सीखा कि तकनीक कैसे रोजमर्रा की बिजनेस समस्याओं का प्रभावी समाधान कर सकती है।
इस पूरे कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में नई सोच पैदा करना और उन्हें ऐसी व्यावहारिक समस्या सुलझाने की क्षमताएं सिखाना था, जो उनके आने वाले करियर के लिए बेहद जरूरी हैं।