LOADING...
टाटा टेक्नोलॉजीज पर मैलवेयर अटैक, कई IT सर्विस हुईं बंद 
टाटा टेक्नोलॉजीज पर रैंसमवेयर हमले से कई IT सर्विसेज को बंद करना पड़ा है (तस्वीर: एक्स/@Ng1Dan)

टाटा टेक्नोलॉजीज पर मैलवेयर अटैक, कई IT सर्विस हुईं बंद 

Jan 31, 2025
12:13 pm

क्या है खबर?

टाटा टेक्नोलॉजीज ने अपने सिस्टम पर हाल ही में रैंसमवेयर हमले की पुष्टि की है। इसके चलते उसने कुछ IT सर्विसेज को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था, जिन्हें अब चालू कर दिया गया है। टाटा समूह की कंपनी ने यह भी कहा है कि उसने समस्या के मूल कारण का आकलन करने के लिए जांच का आदेश दिया है। इसके साथ ही आश्वासन दिया है कि इस सुरक्षा उल्लंघन से क्लाइंट डिलीवरी प्रभावित नहीं होगी।

बयान

कंपनी ने क्या कहा?

टाटा टेक्नोलॉजीज ने आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा, "एहतियाती उपाय के रूप में, कुछ IT सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया था और अब बहाल कर दिया गया है।" वह रैंसमवेयर हमले के मूल कारण का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों के साथ मिलकर काम कर रही है। इसके साथ ही कंपनी ने किसी भी संभावित जोखिम को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाते हुए डाटा सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

रैनसमवेयर हमला

क्या है रैनसमवेयर हमला?

रैनसमवेयर हमला एक प्रकार का साइबर हमला है, जिसमें मैलवेयर (रैनसमवेयर) पीड़ित के डाटा को एन्क्रिप्ट करता है, जिससे वह कंप्यूटर फाइल्स तक नहीं पहुंच पाता है। इसके बाद हमलावर डाटा को डिक्रिप्ट करने और पहुंच बहाल करने के बदले में आमतौर पर क्रिप्टोकरेंसी में फिरौती की मांग करता है। यदि फिरौती का भुगतान नहीं किया जाता है तो हमलावर डाटा को स्थायी रूप से नष्ट करने या सार्वजनिक रूप से जारी करने की धमकी दे सकता है।