टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स पर हुए रैंसमवेयर हमले में लॉन्च से पहले लीक हुआ ऐपल आईफोन 18 प्रो
टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स पर हुए रैंसमवेयर हमले के कारण ऐपल की सप्लाई चेन से जुड़ी संवेदनशील जानकारी डार्क वेब पर लीक हो गई है। खबरों के मुताबिक, लीक हुई फाइल्स में कंपोनेंट्स और सप्लायर्स की विस्तृत सूची के साथ-साथ कंपनी के आने वाले आईफोन 18 प्रो मॉडल की तस्वीरें भी शामिल हैं। यह जानकारी टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के सिस्टम से ली गई थी और बाद में हमले के पीछे मौजूद ग्रुप ने इसे ऑनलाइन पब्लिश कर दिया।
इसके चलते सितंबर में लॉन्च होने वाले ऐपल के अगले बड़े फोन की झलक आधिकारिक ऐलान से काफी पहले ही लोगों के सामने आ गई है।
टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स ने शुरू की फोरेंसिक जांच
टाटा ने तुरंत अपने सिस्टम लॉक कर दिए और नुकसान को कम करने के लिए फोरेंसिक जांच शुरू कर दी। यह लीक ऐपल की सप्लाई चेन के लिए बड़ा खतरा बन गया है।
इससे नकली फोन के बाजार में आने, ऐपल और टाटा के आपसी भरोसे को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं। यह लीक ऐसे वक्त में सामने आई है, जब भारत इस साल के अंत तक वैश्विक आईफोन उत्पादन में अपनी हिस्सेदारी 6 से बढ़ाकर 26 फीसदी करने का लक्ष्य लेकर चल रहा है।
दरअसल, आईफोन निर्माता चीन पर अपनी निर्भरता कम करना चाहती है, इसलिए भारत में उत्पादन बढ़ाना उसके लिए एक अहम कदम है।