फ्लोरिडा में शुरू हुआ ड्रोन प्रोग्राम, 3 मिनट में दुर्घटना स्थल पर पहुंचेगा रक्त
फ्लोरिडा के टैम्पा जनरल हॉस्पिटल ने अपनी तरह के एक अनोखे ड्रोन प्रोग्राम का ऐलान किया है। इसके तहत ड्रोन सीधे हादसे वाली जगहों पर खून पहुंचाएंगे।
इसका मकसद है कि जीवन रक्षक रक्त 3 मिनट से भी कम समय में पहुंचाया जा सके, ताकि आपातकालीन टीमें मरीजों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौके पर ट्रांसफ्यूजन दे पाएं।
हिल्सबरो फायर स्टेशन से उड़ान भरेंगे ड्रोन
ये ड्रोन हिल्सबरो काउंटी के उन 2 फायर स्टेशनों से उड़ान भरेंगे, जहां हादसे की सूचनाएं काफी आती हैं। आर्चर फर्स्ट रिस्पॉन्स सिस्टम्स इस प्रोजेक्ट के लिए तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएगा।
यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ फ्लोरिडा हेल्थ मॉर्साणी कॉलेज ऑफ मेडिसिन जैसे स्थानीय भागीदार भी इसमें शामिल हैं। टाम्पा जनरल के टॉड कार्नेल ने इसे 'गोल्डन आवर' यानि शुरुआती गंभीर समय में लोगों तक फौरन मदद पहुंचाने के लिए गेम चेंजर बताया है। अगर, इस योजना को मंजूरी मिल जाती है तो इस अक्टूबर से ड्रोन उड़ानें शुरू हो जाएंगी।