Page Loader
तमिलनाडु में रियल-मनी गेमिंग पर नए नियम लागू, यूजर्स रात में नहीं कर पाएंगे लॉगिन
तमिलनाडु में रियल-मनी गेमिंग पर नए नियम लागू (तस्वीर: पिक्साबे)

तमिलनाडु में रियल-मनी गेमिंग पर नए नियम लागू, यूजर्स रात में नहीं कर पाएंगे लॉगिन

Feb 09, 2025
06:11 pm

क्या है खबर?

तमिलनाडु सरकार ने ऑनलाइन रियल-मनी गेमिंग पर नए नियम लागू किए हैं। अब इन प्लेटफॉर्म्स को आधी रात से सुबह 5 बजे तक बंद रखना होगा, जिससे लोग इस दौरान लॉगिन नहीं कर पाएंगे। नाबालिगों को ऐसे गेम खेलने से रोका जाएगा और खिलाड़ियों को खर्च की दैनिक, साप्ताहिक और मासिक सीमा तय करने का विकल्प देना होगा। इसके साथ ही 1 घंटे से ज्यादा खेलने पर सावधानी मैसेज दिखाना अनिवार्य होगा, जिससे गेमिंग की लत को रोका जा सके।

अकाउंट वेरिफिकेशन

अकाउंट वेरिफिकेशन और खर्च सीमा को लेकर सख्ती

नए नियमों के तहत, खिलाड़ियों को अकाउंट के लिए आधार आधारित KYC सत्यापन कराना होगा। जब भी कोई पैसे जमा करेगा, तब ऐप को अब तक खर्च की गई राशि और सीमा को साफ अक्षरों में दिखाना होगा। तमिलनाडु ऑनलाइन गेमिंग अथॉरिटी इन नियमों को लागू करेगी, जो अगस्त, 2023 में बनाई गई थी। इससे पहले, सरकार ने ऑनलाइन रम्मी और पोकर को प्रतिबंधित कर दिया था, लेकिन मद्रास हाई कोर्ट ने नवंबर, 2023 में इस प्रतिबंध को हटा दिया।

चुनौती

भारत में गेमिंग उद्योग की बढ़ती चुनौती

भारत में अभी तक ऑनलाइन गेमिंग के लिए राष्ट्रीय नियम नहीं बने हैं, जिससे अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग नियम लागू हो रहे हैं। अप्रैल, 2023 में सरकार ने IT अधिनियम में गेमिंग से जुड़े संशोधन किए थे, लेकिन बाद में इसे छोड़ दिया गया। भारतीय गेमिंग उद्योग तेजी से बढ़ रहा है, जिसने वित्त वर्ष 2024 में लगभग 330 अरब रुपये का राजस्व दर्ज किया, जिसमें लगभग 200 अरब रुपये रियल-मनी गेमिंग से आए।