तमिलनाडु में सरकारी कामकाज डिजिटल बनाने के लिए पेश होगी वेट्री ऐप
तमिलनाडु अब वेट्री नाम के एक नए सुपर ऐप के साथ आम लोगों की जिंदगी को और भी आसान बनाने जा रहा है। यह एक ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म होगा, जहां से लोग 500 सरकारी सेवाओं का लाभ एक ही जगह से उठा सकेंगे। मंत्री आर कुमार ने इस ऐप का ऐलान किया है।
इसके आने के बाद आपको जन्म प्रमाण पत्र बनवाने, राशन कार्ड देखने या अपना ड्राइविंग लाइसेंस रिन्यू करवाने के लिए सरकारी दफ्तरों में लंबी कतारों में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ये सारे काम अब आप अपने फोन से ही कर पाएंगे।
ऐप पर आएगी 5 करोड़ रुपये की लागत
इस ऐप को लाने में करीब 5 करोड़ रुपये का खर्चा आएगा। यह राज्य के लिए सार्वजनिक सेवाओं को डिजिटल बनाने की दिशा में एक अहम कदम होगा।
जल्द ही एक नया वेट्री तमिलनाडु वेब पोर्टल भी शुरू होने वाला है, जहां आप सरकारी योजनाओं और सेवाओं पर अपनी राय दे सकेंगे। इससे व्यवस्था और भी पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी।
इसके अलावा, तकनीकी से जुड़े कामों के लिए एक AI एडवाइजरी काउंसिल बनाई जाएगी, जो दिशा-निर्देश देगी। साथ ही, सांस्कृतिक डिजिटल रिपॉजिटरी का दूसरा चरण भी शुरू होगा। इसमें रामनाथपुरम, थूथुकुडी, तिरुनेलवेली, तेनकासी, कन्याकुमारी और पुदुक्कोट्टई जैसे जिलों के 500 सांस्कृतिक स्थलों और आयोजनों को डिजिटल तरीके से सहेजा जाएगा।