भारत में 95 फीसदी कंपनियां AI अपनाने में अभी भी पीछे, सर्वे में हुआ खुलासा
भारतीय कंपनियां भले ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को अपनाने में तेजी दिखा रही हैं, लेकिन इसे पूरे कारोबार में लागू करना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। ET-सिस्को के एक सर्वे में 214 टेक प्रमुखों ने हिस्सा लिया, जिसके मुताबिक, अब तक सिर्फ 5 फीसदी कंपनियों ने ही AI को पूरी तरह से अपने सिस्टम में शामिल किया है। फिर भी AI में कंपनियों की दिलचस्पी कम नहीं हुई है।
करीब 90 फीसदी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने कहा कि अगले 3 से 5 सालों में उनके AI प्लान के लिए रियल-टाइम डाटा प्रोसेसिंग और हाइब्रिड क्लाउड कनेक्टिविटी बेहद जरूरी होंगे।
AI को बड़े स्तर पर ले जाने में आ रही ये चुनौतियां
AI को बड़े स्तर पर ले जाना सिर्फ पैसों के बारे में नहीं है। सिस्को इंडिया के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (CTO) अरुण शेट्टी का कहना है कि AI को बड़े पैमाने पर लागू करने की असली चुनौती सिर्फ पैसे नहीं है, बल्कि ऑपरेशनल और रणनीतिक बाधाओं को दूर करना भी है।
कई कंपनियों को पुराने इंफ्रास्ट्रक्चर, सीमित GPU क्षमता और कमजोर डाटा प्रबंधन जैसी कई अड़चनों का सामना करना पड़ रहा है। आजकल सिर्फ एक चौथाई कंपनियां ही AI को अपने अलग-अलग विभागों में लागू कर रही हैं, जबकि ज्यादातर अभी सिर्फ प्रयोग कर रही हैं या बहुत छोटे स्तर पर इसका इस्तेमाल कर रही हैं।