Page Loader
सुनीता विलियम्स आज 9 महीने बाद अंतरिक्ष से पृथ्वी के लिए होंगी रवाना
सुनीता विलियम्स आज अंतरिक्ष से पृथ्वी के लिए होंगी रवाना (तस्वीर: नासा)

सुनीता विलियम्स आज 9 महीने बाद अंतरिक्ष से पृथ्वी के लिए होंगी रवाना

Mar 18, 2025
08:55 am

क्या है खबर?

नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स अपने साथी बुच विल्मोर के साथ आज (18 मार्च) सुबह 10:35 बजे अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) से रवाना होंगी। वह जून, 2024 में बोइंग स्टारलाइनर से सिर्फ 8 दिन के मिशन पर गई थीं, लेकिन यान में तकनीकी समस्याएं आने के कारण उनकी वापसी नहीं हो पाई। स्टारलाइनर में खराबी और हीलियम लीक की वजह से इसे सुरक्षित नहीं माना गया, जिसके बाद नासा ने उन्हें स्पेस-X के क्रू-9 मिशन का हिस्सा बनाया।

प्रयोग

विस्तारित मिशन और वैज्ञानिक प्रयोग

9 महीने तक ISS पर रहने के दौरान, विलियम्स और विल्मोर ने 150 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग किए। उनके प्रयोगों में माइक्रोग्रैविटी में जैविक और भौतिक अनुसंधान, नई तकनीकों का परीक्षण और अंतरिक्ष अनुकूलन से जुड़े अध्ययन शामिल थे। स्टारलाइनर की खराबी के कारण नासा ने सितंबर, 2024 में इसे बिना किसी क्रू के पृथ्वी पर लौटाया। बीते दिन (17 मार्च) स्पेस-X का क्रू-10 मिशन ISS पहुंचा, जिससे उनकी वापसी की प्रक्रिया शुरू हो सकी।

तैयारी

पृथ्वी पर लौटने की तैयारी

आज विलियम्स, विल्मोर, निक हेग और अलेक्जेंडर गोरबुनोव स्पेस-X के क्रू ड्रैगन में सवार होंगे। यह यान 17 घंटे की यात्रा करेगा और 19 मार्च को सुबह 03:27 बजे फ्लोरिडा के तट पर उतरेगा। पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश के दौरान कैप्सूल का तापमान हजारों डिग्री तक पहुंच सकता है। उतरने के बाद, उन्हें पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण के प्रभावों से अनुकूलन की प्रक्रिया से गुजरना होगा। यह मिशन उनकी अब तक की सबसे लंबी अंतरिक्ष यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव होगा।