क्या एंटीबायोटिक लेते समय ज्यादा चीनी खाना पहुंचा सकता है नुकसान?
हाल ही में हुए एक नए शोध से पता चला है कि एंटीबायोटिक दवाएं लेते समय ज्यादा चीनी खाने से आपकी आंतों को और ज्यादा नुकसान हो सकता है।
वैज्ञानिकों ने उन मरीजों पर अध्ययन किया, जिनकी ट्रांसप्लांट सर्जरी हुई थी।
उन्होंने पाया कि जिन मरीजों ने ज्यादा चीनी खाई उनकी आंतों में अच्छे बैक्टीरिया कम हो गए और एंटेरोकोकस फेसिअम जैसे एंटीबायोटिक-प्रतिरोधी बैक्टीरिया की संख्या बढ़ गई।
चूहों पर हुए अध्ययन में हुआ खुलासा
एंटीबायोटिक दवाएं वैसे भी हमारी आंतों के संतुलन को बिगाड़ देती हैं, लेकिन जब आप उनके साथ चीनी भी खूब खाते हैं तो यह समस्या और बढ़ जाती है।
चूहों पर हुए अध्ययन में भी यही देखने को मिला। जिन चूहों को एंटीबायोटिक के बाद चीनी वाला खाना दिया गया, उनकी आंतों में खराब बैक्टीरिया तेजी से बढ़े।
शोधकर्ताओं का कहना है कि यह जानने के लिए अभी और अध्ययन करने होंगे कि क्या एंटीबायोटिक इलाज के दौरान चीनी कम करने से मरीजों की सेहत में सुधार हो सकता है, खासकर उन मरीजों में जो गंभीर रूप से बीमार नहीं हैं।