रोजाना मूंगफली खाने से बढ़ती उम्र में याददाश्त रहेगी तेज, शोध में खुलासा
एक नए अध्ययन से पता चला है कि रोजाना मुट्ठी भर (लगभग 60 ग्राम) बिना नमक वाली और छिलके वाली भुनी मूंगफली खाने से बढ़ती उम्र के साथ दिमाग के उन हिस्सों में इंसुलिन प्रतिक्रिया बेहतर हो सकती है, जो याददाश्त से जुड़े हैं।
हालांकि, यह दिमागी सेहत के लिए एक अच्छा संकेत है। शोधकर्ताओं का कहना है कि यह अल्जाइमर या डिमेंशिया जैसी बीमारियों से बचाने वाली कोई जादुई कवच नहीं है। वे इसे केवल एक अहम और दिलचस्प शुरुआती कदम मानते हैं।
शोधकर्ताओं ने हिप्पोकैंपस को किया स्कैन
शोधकर्ताओं ने लगभग 67 साल की उम्र के 31 स्वस्थ वयस्कों के साथ काम किया। उन्होंने इन वयस्कों को मूंगफली खाने और मूंगफली न खाने, इन 2 अलग-अलग अवधियों में रखा।
उन्होंने MRI स्कैन का इस्तेमाल करके हिप्पोकैंपस जैसे याददाश्त से जुड़े क्षेत्रों में हुए बदलावों पर नजर रखी और कुछ सकारात्मक प्रभाव भी देखे।
मूंगफली में स्वस्थ वसा, फाइबर और L-आर्जिनिन जैसे पोषक तत्व भरपूर होते हैं, जो दिमाग को सहारा दे सकते हैं, लेकिन वैज्ञानिकों का कहना है कि मूंगफली को सही मायने में 'ब्रेन बूस्टर' कहने से पहले और बड़े अध्ययन करने की जरूरत होगी।