आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विशेषज्ञ स्टुअर्ट रसेल का मानना है कि कुछ एडवांस AI सिस्टम इंसानों के बर्ताव से सीखते हुए खुद को बचाने का गुण अपना रहे हैं।
हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट में बोलते हुए उन्होंने चेताया कि अगर, इन AI को कोई खतरा महसूस होता है तो वे खुद को सुरक्षित रखने के लिए कदम उठा सकते हैं। इसमें इंटरनेट जैसी महत्वपूर्ण चीजों को बाधित करना भी शामिल हो सकता है।
AGI सुरक्षा नियमों की जरूरत बताई
कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले के सेंटर फॉर ह्यूमन-कंपैटिबल AI के प्रमुख और प्रोफेसर स्टुअर्ट रसेल को खासकर सुपर-स्मार्ट AI (AGI) से होने वाले गंभीर नुकसान की चिंता है। इनमें साइबर हमला करना या खतरनाक हथियार बनाना जैसी चीजें शामिल हैं।
उनका मानना है कि कंपनियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनका AI कहीं चालाक या धोखेबाज न बन जाए। वे इस तेजी से विकसित हो रही तकनीक के लिए कड़े नियम बनाने की वकालत कर रहे हैं।