भारत में लॉन्च में देरी की खबरों पर स्टारलिंक का जवाब, सरकार से बातचीत जारी
क्या है खबर?
एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट कंपनी स्टारलिंक ने भारत में अपनी सेवा शुरू करने को लेकर उठे सवालों पर सफाई दी है। कंपनी ने कहा कि वह भारत सरकार के साथ लगातार बातचीत कर रही है और देश में अपनी सेवा शुरू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। स्टारलिंक का यह बयान उन खबरों के बाद आया, जिनमें दावा किया गया था कि भारत में उसकी व्यावसायिक शुरुआत की मंजूरी में देरी हो रही है।
आरोप
रिपोर्ट में लगाए गए थे देरी के आरोप
ब्लूमबर्ग की में कहा गया था कि भारतीय अधिकारियों ने स्टारलिंक की मंजूरी प्रक्रिया को धीमा कर दिया है। रिपोर्ट में दावा किया गया कि ईरान संघर्ष के दौरान स्टारलिंक टर्मिनलों के कथित इस्तेमाल को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं सामने आई थीं। इसी वजह से कंपनी की मंजूरी प्रक्रिया प्रभावित होने की बात कही गई। हालांकि, स्टारलिंक ने इन दावों को बिना सबूत वाले गुमनाम स्रोतों पर आधारित बताया है। कंपनी ने रिपोर्ट की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए।
बातचीत
कंपनी बोली- सरकार से बातचीत जारी
स्टारलिंक बिजनेस ऑपरेशंस की उपाध्यक्ष लॉरेन ड्रेयर ने एक एक्स पोस्ट में कहा कि कंपनी की भारत सरकार के साथ सक्रिय और सकारात्मक बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि स्टारलिंक ने सभी जरूरी नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए पारदर्शी तरीके से काम किया है। कंपनी का कहना है कि वह भारत की तकनीकी, नियामक और सुरक्षा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ रही है और सभी आवश्यक शर्तों का पालन कर रही है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें पोस्ट
Starlink remains in active and productive discussions with the Government of India contrary to misleading stories based upon unsubstantiated claims from anonymous sources.
— Lauren Dreyer (@LaurenDreyer) June 9, 2026
We have worked with the Government through all of the required regulatory and compliance processes in a… https://t.co/BQdcDHmPaf
मॉडल
भारत के लिए बनाया खास मॉडल
कंपनी के अनुसार, भारत के लिए एक विशेष सेवा मॉडल तैयार किया गया है। इसे देश की सुरक्षा और तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। स्टारलिंक का कहना है कि भारतीय अधिकारियों से उसे सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। कंपनी का मानना है कि उसकी सैटेलाइट इंटरनेट सेवा दूर-दराज और कम सुविधा वाले क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी पहुंचाने में मदद कर सकती है और डिजिटल पहुंच को मजबूत बना सकती है।
मंजूरी
व्यावसायिक शुरुआत की मंजूरी का इंतजार
स्टारलिंक लंबे समय से भारत में सैटेलाइट ब्रॉडबैंड सेवा शुरू करने की तैयारी कर रही है। कंपनी को हाल के महीनों में कुछ जरूरी लाइसेंस मिल चुके हैं। अब वह बाकी नियामक मंजूरियों का इंतजार कर रही है ताकि व्यावसायिक सेवाएं शुरू की जा सकें। कंपनी ने दोहराया कि वह भारत में जल्द अपनी सेवा शुरू करना चाहती है और इसके लिए सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी। इससे देश में इंटरनेट पहुंच और बेहतर हो सकती है।