स्टैनफोर्ड के शोधकर्ताओं ने एक महत्वपूर्ण खोज की है। उनका कहना है कि आराम करते हुए दिमाग की गतिविधियों को फंक्शनल मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग (fMRI) स्कैन के जरिए देखकर अल्जाइमर के शुरुआती लक्षणों का पता लगाया जा सकता है। यह तब भी मुमकिन है, जब याददाश्त से जुड़ी कोई भी समस्या अभी शुरू न हुई हो।
शोधकर्ताओं ने अल्जाइमर के मरीजों की तुलना उन बुजुर्गों से की जिन्हें सुपरएजर्स कहा जाता है, यानि जिनकी याददाश्त बहुत तेज होती है।
इसी तुलना के आधार पर उन्होंने एक नया 'ARC स्कोर' तैयार किया है। यह स्कोर बताता है कि भविष्य में आपकी याददाश्त कितनी कमजोर हो सकती है या आपका दिमाग इस बीमारी का सामना करने में कितना मजबूत है।
सटीकता से की याददाश्त घटने की भविष्यवाणी
ARC स्कोर को 1,315 स्वस्थ वयस्कों पर परखा गया। यह स्कोर उन लोगों की पहचान करने में सफल रहा, जिन्हें भविष्य में याददाश्त से जुड़ी परेशानियां होने वाली थीं।
खास बात यह है कि इसने पुराने तरीकों से ज्यादा सटीकता से भविष्यवाणी की। जिन लोगों के दिमाग अल्जाइमर से मिलते-जुलते दिखे, उनकी याददाश्त दूसरों के मुकाबले तेजी से कमजोर हुई।
ऐसे लोगों के दिमाग में एमाइलॉइड नामक प्रोटीन का जमाव भी ज्यादा पाया गया। इस अध्ययन के मुख्य लेखक कानहाओ झाओ ने बताया कि अभी बड़े और अधिक विविध अध्ययनों की जरूरत है, लेकिन अगर, यह स्कोर विश्वसनीय साबित होता है तो इससे शोधकर्ताओं को उन लोगों को अल्जाइमर की रोकथाम वाले परीक्षणों में शामिल करने में मदद मिलेगी, जिन्हें इस बीमारी का अधिक जोखिम है और यह याददाश्त की दिक्कतें शुरू होने से पहले ही संभव हो पाएगा।