श्रावथी और मेयो क्लिनिक AI की मदद से तैयार कर रहे कैंसर की खास दवा
बेंगलुरु के स्टार्टअप श्रावथी AI, मेयो क्लिनिक के साथ मिलकर एक ऐसी कैंसर दवा पर काम कर रही है, जो GIPC1 नाम के प्रोटीन को टारगेट करती है।
यह प्रोटीन अग्नाशय और ब्रेस्ट जैसे खतरनाक कैंसर से जुड़ा होता है। कंपनी का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित प्लेटफॉर्म ने एक ऐसा अणु ढूंढ निकाला है, जो इस मुश्किल प्रोटीन को रोक सकता है।
पहले इस प्रोटीन को 'नॉन-ड्रगेबल टारगेट' यानि ऐसी चीज माना जाता था, जिस पर दवा का असर नहीं होता।
दवा ने ट्यूमर की बढ़ोतरी को किया धीमा
मेयो क्लिनिक में जानवरों पर किए गए अध्ययनों में दिखा कि इस दवा ने ट्यूमर की बढ़ोतरी को धीमा कर दिया। इससे जानवरों की उम्र लंबी हुई और कीमोथेरेपी की दवा जेमसाइटेबीन भी ज्यादा असरदार हो गई।
ये नतीजे सेल रिपोर्ट्स में प्रकाशित किए गए हैं। हालांकि, इंसानों पर इसकी जांच करने से पहले अभी कई और जांचें होनी बाकी हैं, लेकिन कैंसर रिसर्च में हलचल मचाने वाले श्रावथी AI के इस तरीके पर अब पूरी दुनिया की नजर है।