स्पॉटिफाई भारत में 12 नवंबर को लॉन्च करेगी ऑडियोबुक सेवा
स्पॉटिफाई 12 नवंबर को भारत में ऑडियोबुक लॉन्च करने की तैयारी में है। इस पहल के बाद भारत में यूजर्स को 3.5 लाख से भी ज्यादा टाइटल का एक्सेस मिल जाएगा, जिनमें 120 से ज्यादा भाषाओं के लोकल कैटलॉग भी शामिल होंगे।
प्लेटफॉर्म का यह वैश्विक विस्तार उसकी ऑडियोबुक सेवा को केवल 22 बाजारों से बढ़ाकर 180 से ज्यादा देशों तक ले जाएगा। इसके लिए कंपनी ने लगभग 300 पब्लिशर्स के साथ साझेदारी की है।
प्रीमियम सब्सक्राइबर्स को मिलेगा ऑडियोबुक्स प्लस
भारत में अगर, आप स्पॉटिफाई प्रीमियम सब्सक्राइबर हैं तो आपको जल्द ही ऑडियोबुक्स प्लस की सुविधा मिलेगी। इसमें हर महीने 15 घंटे तक ऑडियोबुक सुनने का मौका मिलेगा।
हालांकि, इसकी कीमत से जुड़ी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। भारत स्पॉटिफाई के सबसे बड़े बाजारों में से एक है और यहां यूजर्स के लिए व्यक्तिगत सुझाव भी लाए जा रहे हैं।
ऐसे में उन किताब प्रेमियों के लिए यह एक बेहतरीन अपग्रेड साबित हो सकता है, जो पहले से ही म्यूजिक और पॉडकास्ट सुनते हैं।