स्पॉटिफाई पॉडकास्ट में ट्रांसक्रिप्शन और ट्रांसलेशन के साथ ही ला रही है ये नए फीचर
क्या है खबर?
स्पॉटिफाई ने पॉडकास्ट में एक नया ऑटो-जनरेटेड ट्रांसक्रिप्ट फीचर जोड़ा है। यह फीचर यूजर्स को पॉडकास्ट के साथ ही पढ़ने की भी अनुमति देता है।
कंपनी ने कहा कि आने वाले हफ्तों में लाखों पॉडकास्ट एपिसोड के लिए नई ट्रांसक्रिप्ट सुविधा शुरू की जाएगी। यह सुविधा स्पॉटिफाई ऐप पर मुफ्त और प्रीमियम यूजर्स दोनों के लिए उपलब्ध होगी।
इसे पॉडकास्ट प्लेयर के नीचे रीड-अलॉन्ग सेक्शन में क्लिक कर एक्सेस किया जा सकता है।
क्रिएटर्स
ऐसे खोज पाएंगे ट्रांसक्रिप्ट
इस नए फीचर के बारे में एक ब्लॉग पोस्ट में स्पॉटिफाई ने लिखा, 'हम अधिक क्रिएटर्स और शो के लिए ऑटो-जनरेटेड और टाइम-सिंक किए गए ट्रांसक्रिप्ट लॉन्च कर रहे हैं, जिससे एपिसोड को पढ़ा भी जा सके।'
किसी एपिसोड को सुनते समय ट्रांसक्रिप्ट खोजने के लिए नाउ प्लेइंग व्यू को नीचे की तरफ स्क्रॉल करना होगा। इसके बाद ठीक उसी तरह कार्ड पर टैप करें जैसे एपिसोड सुनने के लिए करते हैं।
पॉडकास्ट
एपिसोड के बारे में अधिक जानकारी देगा पॉडकास्ट चैप्टर
स्पॉटिफाई ने मोबाइल पर पॉडकास्ट सुनने वालों के लिए एक और महत्वपूर्ण फीचर पॉडकास्ट चैप्टर की घोषणा की है।
यह फीचर मोबाइल यूजर्स को एक एपिसोड के किसी खास टॉपिक या सेक्शन पर जाने की अनुमति देगा। पॉडकास्ट में चैप्टर की पूरी लिस्ट देखी जा सकती है।
इसके लिए यूजर्स को सिर्फ नाउ प्लेइंग व्यू सेक्शन को नीचे स्क्रॉल करना होगा।
स्पॉटिफाई का कहना है कि पॉडकास्ट चैप्टर यूजर्स को एपिसोड के बारे में अधिक जानकारी और कंट्रोल देगा।
ट्रांसलेशन
पेश किया नया AI वॉयस ट्रांसलेशन फीचर
पॉडकास्ट क्रिएटर्स के लिए स्पॉटिफाई ने एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित वॉयस ट्रांसलेशन फीचर भी पेश किया है।
यह पॉडकास्टर्स की आवाज में ही उसके पॉडकास्ट को अन्य भाषाओं में पेश करता है।
अभी कंपनी ने अपने नए टूल के साथ अंग्रेजी भाषा के एपिसोड का स्पेनिश में अनुवाद करने के लिए कुछ पॉडकास्टरों के साथ साझेदारी की है। आने वाले हफ्तों में इसकी फ्रेंच और जर्मन ट्रांसलेशन शुरू करने की योजना है।
प्लस
न्यूजबाइट्स प्लस
स्पॉटिफाई एक डिजिटल म्यूजिक, पॉडकास्ट और वीडियो सर्विस आधारित ऐप है। यहां लाखों गीत और पॉडकास्ट आदि कंटेंट मिल जाता है।
एंड्रॉयड और iOS दोनों ही स्मार्टफोन यूजर्स इसकी ऐप को डाउनलोड कर मुफ्त में इस्तेमाल कर सकते हैं।
इसके अलावा स्पॉटिफाई कंप्यूटर, टैबलेट, स्पीकर और स्मार्ट टीवी सहित अन्य डिवाइसों के लिए भी उपलब्ध है।
अपनी पसंद के आधार पर रिकमेंडेशन पाने, संगीत और पॉडकास्ट का कलेक्शन बनाने जैसे फीचर्स के लिए यूजर्स को इसका प्रीमियम वर्जन लेना होगा।