LOADING...
स्पेस-X के स्टारशिप रॉकेट की आठवीं कक्षीय उड़ान कल होगी लॉन्च, ऐसे देख सकेंगे लाइव 
स्टारशिप रॉकेट की आठवीं कक्षीय उड़ान कल होगी लॉन्च (तस्वीर: स्पेस-X)

स्पेस-X के स्टारशिप रॉकेट की आठवीं कक्षीय उड़ान कल होगी लॉन्च, ऐसे देख सकेंगे लाइव 

Mar 03, 2025
06:31 pm

क्या है खबर?

एलन मस्क की अंतरिक्ष कंपनी स्पेस-X कल (4 मार्च) अपने स्टारशिप रॉकेट की आठवीं कक्षीय उड़ान लॉन्च करने वाली है। इससे पहले 16 जनवरी को हुए पिछले परीक्षण में ऊपरी चरण विफल हो गया था और कैरिबियन के ऊपर विस्फोट हो गया था। इस बार कंपनी ने कई सुधार किए हैं, ताकि मिशन सफल हो सके। अगर यह परीक्षण सफल होता है, तो इससे स्टारशिप की विश्वसनीयता को मजबूती मिलेगी और स्पेस-X के लंबे अंतरिक्ष मिशनों को नई दिशा मिलेगी।

तरीका

कब और कैसे देखें स्टारशिप का लॉन्च?

स्टारशिप की यह उड़ान टेक्सास के बोका चिका स्थित स्पेस-X के स्टारबेस लॉन्चपैड से होगी। लॉन्च विंडो भारतीय समयानुसार 4 मार्च को सुबह 05:00 बजे खुलेगी। स्पेस-X इस मिशन की लाइव स्ट्रीमिंग अपनी आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर करेगी। लाइवस्ट्रीम उड़ान भरने से करीब 40 मिनट पहले शुरू होगी, जिससे दर्शक मिशन की पूरी प्रक्रिया देख सकेंगे। यह उड़ान लगभग 1 घंटे की होगी, जिसमें महत्वपूर्ण परीक्षण किए जाएंगे।

सुधार

मिशन में किए गए प्रमुख सुधार

पिछली उड़ान में आई खराबी को ध्यान में रखते हुए स्पेस-X ने इस बार स्टारशिप के ऊपरी चरण में कई तकनीकी सुधार किए हैं। इस मिशन में सुपर हेवी बूस्टर को लॉन्च के बाद वापस पकड़ने की कोशिश की जाएगी, जो पहली बार होगा। इसके अलावा, 4 स्टारलिंक सिमुलेटर तैनात किए जाएंगे, जो अगली पीढ़ी के स्टारलिंक सैटेलाइट के आकार के होंगे। इनका उद्देश्य भविष्य में होने वाले सैटेलाइट परिनियोजन मिशनों का अभ्यास करना है।

योजनाएं 

स्टारशिप का महत्व और भविष्य की योजनाएं 

स्टारशिप अब तक का सबसे बड़ा और सबसे शक्तिशाली रॉकेट है, जिसकी ऊंचाई 403 फीट है। यह मस्क के मंगल ग्रह पर जाने के सपने का एक अहम हिस्सा है। स्पेस-X इसे पूरी तरह रियूजेबल रॉकेट बनाना चाहती है, जिससे अंतरिक्ष यात्रा की लागत कम हो सके। इसके अलावा, नासा के आर्टेमिस कार्यक्रम में भी स्टारशिप का महत्वपूर्ण योगदान होगा, जिससे अंतरिक्ष यात्री चंद्रमा पर लौट सकेंगे। इससे भविष्य में अंतरिक्ष में कार्गो और मानव मिशन को नया आयाम मिलेगा।