स्पेस-X के स्टारशिप फ्लाइट 14 की लॉन्चिंग 28 सितंबर तक टली
स्पेस-X ने स्टारशिप फ्लाइट 14 की लॉन्चिंग को 22 सितंबर से आगे बढ़ाकर 28 सितंबर को कर दिया गया है। अब यह भारतीय समयानुसार शाम 5:45 बजे से 75 मिनट की अवधि के बीच उड़ान भरेगा, लेकिन इसके लिए अभी नियामकीय मंजूरी मिलनी बाकी है।
इस देरी की कोई वजह नहीं बताई गई है। टेक्सास से कई सालों की टेस्ट उड़ानों के बाद स्टारशिप पहली बार पृथ्वी की कक्षा (ऑर्बिट) तक पहुंचने की असली कोशिश करेगा।
अंतरिक्ष में छोड़ेगा 26 स्टारलिंक सैटेलाइट
फ्लाइट 14 केवल एक और सामान्य लॉन्च नहीं है। इसका मकसद स्टारशिप को 275 किलोमीटर ऊपर भेजना है। यह पृथ्वी के 6 चक्कर लगाएगा और 26 नए स्टारलिंक V3 सैटेलाइट छोड़ेगा।
इस मिशन की सफलता स्पेस-X के वैश्विक इंटरनेट प्लान के लिए बहुत अहम है। यह एलन मस्क के मंगल ग्रह पर जाने के सपनों और नासा के आर्टेमिस मून मिशन के लिए भी महत्वपूर्ण है। जुलाई में कक्षा तक पहुंचने की पिछली कोशिश नाकाम होने के बाद अब सबकी निगाहें इस उड़ान पर हैं, ताकि यह साबित हो सके कि स्टारशिप असल में क्या कमाल कर सकता है।