स्पेस-X ने लॉन्च किया नासा का क्रू-8 मिशन, अंतरिक्ष में भेजे गए 4 यात्री
क्या है खबर?
एलन मस्क के स्वामित्व वाली अंतरिक्ष कंपनी स्पेस-X ने आज (4 मार्च) सुबह 09:23 बजे नासा के क्रू-8 मिशन को लॉन्च कर दिया है।
स्पेस-X के फाल्कन 9 रॉकेट की मदद से नासा के 4 सदस्यों वाले एक दल को फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) में भेजा गया है।
क्रू-8 स्पेस-X की कुल मिलाकर 13वीं क्रू उड़ान है और एजेंसी के क्रू कार्यक्रम के हिस्से के रूप में नासा के लिए आठवीं उड़ान है।
अंतरिक्ष यात्री
इन अंतरिक्ष यात्रियों में कौन-कौन है शामिल?
क्रू-8 मिशन के तहत जो अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष स्टेशन की ओर जा रहे हैं, उनमें नासा के मैथ्यू डोमिनिक (कमांडर), माइकल बैरेट (पायलट) और जेनेट एप्स (मिशन विशेषज्ञ) के साथ-साथ रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मोस के मिशन विशेषज्ञ अलेक्जेंडर ग्रीबेनकिन भी शामिल हैं।
इस मिशन के साथ बैरेट तीसरी बार अंतरिक्ष उड़ान भर रहे हैं। उनके अलावा अन्य 3 सदस्य पहली बार ऐसे अंतरिक्ष उड़ान के लिए जा रहे हैं।
मिशन
6 महीने तक मिशन पर होंगे अंतरिक्ष यात्री
स्पेस-X के रॉकेट की मदद से यह चारों अंतरिक्ष यात्री 6 महीने के लिए ISS की ओर रवाना हुए हैं।
ISS में जाने वाले यह अंतरिक्ष यात्री ISS के उपकरणों की जांच, रखरखाव और मरम्मत करते हैं और समय-समय पर खराब हुए उपकरणों को बदलते हैं।
क्रू-8 मिशन के अंतरिक्ष यात्रियों को क्रू-7 मिशन के अंतरिक्ष यात्रियों से ISS का संचालन पूरी तरह अपने हाथों में लेने में कुछ दिनों का समय लगेगा।