स्पेस-X ने अमेरिकी सेना के लिए 21 सैटेलाइट्स अंतरिक्ष में भेजे
स्पेस-X ने अमेरिकी सेना के लिए 21 सैटेलाइट्स अंतरिक्ष में भेजे हैं। यह लॉन्च भारतीय समयानुसार, शनिवार दोपहर करीब 1 बजे के आस-पास हुआ। कैलिफोर्निया से फाल्कन 9 रॉकेट ने उड़ान भरी। यह लॉन्च अमेरिकी स्पेस फोर्स के एक बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसका मकसद अपनी संचार व्यवस्था को बेहतर बनाना और दुनियाभर में मिसाइल के खतरों पर नजर रखना है।
ट्रेंच 1 का चौथा लॉन्च किया पूरा
यह मिशन पहले एक बार टल गया था, लेकिन आखिर में 5 दिन की देरी के बाद बिना किसी परेशानी के लॉन्च हो गया। 'ट्रेंच 1' के तहत कुल 9 लॉन्च होने हैं, जिनमें से यह चौथा था।
इस प्रोजेक्ट में 154 सैटेलाइट्स को पृथ्वी की निचली कक्षा में स्थापित किया जाना है। इनमें से ज्यादातर सैटेलाइट्स डाटा ट्रांसफर और मिसाइल पर नजर रखने का काम करेंगे।
अभी तक स्पेस-X ने 126 डाटा ट्रांसफर सैटेलाइट्स में से 84 को सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में पहुंचाया है। इसके साथ ही, फाल्कन 9 रॉकेट का पहला स्टेज बूस्टर छठी बार सफलतापूर्वक धरती पर वापस उतरा है।
यह दिखाता है कि कंपनी के लिए ऐसे मुश्किल और महत्वपूर्ण मिशन अब कितने आम हो चले हैं।