Page Loader
स्पेस-X की लॉन्च साइट बनी आधिकारिक शहर, सच हुआ मस्क का सपना
स्पेस-X की लॉन्च साइट बनी आधिकारिक शहर (तस्वीर: स्पेस-X)

स्पेस-X की लॉन्च साइट बनी आधिकारिक शहर, सच हुआ मस्क का सपना

May 04, 2025
07:23 pm

क्या है खबर?

एलन मस्क की अंतरिक्ष कंपनी स्पेस-X की टेक्सास स्थित लॉन्च साइट अब एक आधिकारिक शहर बन गई है, जिसे 'स्टारबेस' नाम दिया गया है। शनिवार को हुए मतदान में ज्यादातर लोगों ने इस नए शहर के गठन का समर्थन किया। यह फैसला मस्क के 2021 से चले आ रहे उस सपने को साकार करता है, जिसमें वह इस क्षेत्र को एक अलग नगर पालिका के रूप में देखना चाहते थे। अब स्पेस-X को अपने रॉकेट मिशनों में और सहूलियत मिलेगी।

मतदान

मतदाताओं का भारी समर्थन 

कैमरून काउंटी में हुए इस चुनाव में कुल 177 वोट डाले गए, जिनमें से 173 लोगों ने स्टारबेस के पक्ष में वोट किया। वोटरों में ज्यादातर स्पेस-X के कर्मचारी थे जो वहां रहते हैं। इस मतदान से बोका चिका गांव के एक हिस्से को एक नए शहर का दर्जा मिल गया। अब यहां एक स्थानीय सरकार बनेगी, जिसमें मेयर और 2 आयुक्त होंगे, जो शहर से जुड़े कामों की देखरेख करेंगे।

विस्तार 

स्टारबेस की स्थिति और विस्तार 

स्टारबेस टेक्सास के दक्षिणी सिरे पर मेक्सिको की सीमा के पास स्थित है। यह क्षेत्र लगभग 1.5 वर्ग मील (3.9 वर्ग किलोमीटर) में फैला है और इसमें कुछ सड़कें और पुराने घर हैं। यहां करीब 500 लोग रहते हैं, जिनमें अधिकतर स्पेस-X के कर्मचारी या उनके परिवार के लोग हैं। यह स्थान 2019 से स्पेस-X के मुख्य लॉन्च और परीक्षण स्थल के रूप में उपयोग में लाया जा रहा है।

चिंता 

विरोध और पर्यावरणीय चिंता 

यह फैसला मस्क और स्पेस-X के लिए बड़ी जीत मानी जा रही है, लेकिन कुछ स्थानीय लोग और स्वदेशी जनजातियों के सदस्य इससे खुश नहीं हैं। उनका कहना है कि इस क्षेत्र में पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। 2024 में पर्यावरण एजेंसी ने स्पेस-X पर पानी में रिसाव और प्रदूषण फैलाने की बात भी कही थी। इसके बावजूद शहर बनने की प्रक्रिया को लोगों का भारी समर्थन मिला है।